गोरखपुर में देवरिया बाईपास से जुड़ेगा कुशीनगर फोरलेन, लखनऊ की यात्रा होगी सुगम
एनएचएआइ गोरखपुर में देवरिया बाईपास को सिक्टौर के पास कुशीनगर फोरलेन से जोड़ेगा, जिससे लखनऊ और लिंक एक्सप्रेसवे तक पहुंच आसान होगी। यह परियोजना नौसढ़ औ ...और पढ़ें

देवरिया बाईपास। जागरण
HighLights
देवरिया बाईपास कुशीनगर फोरलेन से सिक्टौर में जुड़ेगा।
लखनऊ और लिंक एक्सप्रेसवे तक पहुंच आसान होगी।
नौसढ़, ट्रांसपोर्टनगर में यातायात दबाव घटेगा।
दुर्गेश त्रिपाठी, गोरखपुर। महानगर से लखनऊ जाने के लिए ट्रांसपोर्टनगर, नौसढ़ होकर सहजनवा के कालेसर जीरो प्वाइंट तक जाने से मुक्ति मिलने वाली है। लिंक एक्सप्रेसवे तक पहुंचना भी आसान हो जाएगा। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) देवरिया बाईपास को सिक्टौर के पास कुशीनगर फोरलेन से जोड़ेगा। इसकी डिजाइन बनाने के लिए एजेंसी के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सड़क जुड़ने के बाद समय की बचत होने के साथ ही नौसढ़, ट्रांसपोर्टनगर में यातायात का दबाव भी कम होगा।
कालेसर जीरो प्वाइंट से कुशीनगर तक के लिए फोरलेन बना है। यह फोरलेन देवरिया बाईपास पर सिक्टौर के पास, रामनगर कड़जहां होते हुए कुशीनगर की तरफ गया है। नौसढ़ में जाम लगने के कारण महानगर में आने वाले वाहनों को जब डायवर्ट किया जाता है तो यह वाहन कालेसर जीरो प्वाइंट से होते हुए रामनगर कड़जहां जाते हैं। वहां से वापस देवरिया बाईपास से पैडलेगंज होते हुए गंतव्य की ओर रवाना होते हैं।
इस कारण दूरी तो ज्यादा बढ़ती ही है, समय भी बहुत ज्यादा लगता है। बड़े वाहनों के कारण सूबा बाजार क्षेत्र में हादसे की भी आशंका बनी रहती है। एनएचएआइ के परियोजना निदेशक अंकित ने कहा कि कुशीनगर फोरलेन से देवरिया बाईपास को जोड़ने की प्रक्रिया की जा रही है।
लिंक एक्सप्रेसवे तक पहुंचना आसान
देवरिया बाईपास पर कुशीनगर फोरलेन मिलने के बाद लिंक एक्सप्रेसवे तक पहुंचना आसान हो जाएगा। कुछ समय पहले तक महानगर से लखनऊ या दक्षिणांचल की ओर जाने वाले वाहन चालक एकला बांध से होते हुए लिंक एक्सप्रेसवे तक पहुंचते थे। यहां से वह गंतव्य की ओर रवाना होते थे। लेकिन यह मार्ग बंद कर दिए जाने के बाद नौसढ़ होते हुए ही यात्रा करनी पड़ती है। कुशीनगर से आने और आसपास के इलाकों तक पहुंचने के लिए एनएचएआइ जगदीशपुर में माड़पार के पास रिंगरोड का फ्लाईओवर बना रहा है। इससे लखनऊ-कुशीनगर फोरलेन, रिंगरोड से जुड़ जाएगा।
देवरिया बाईपास फोरलेन बनने से हुई सहूलियत
देवरिया बाईपास फोरलेन होने और फोरलेन व सिक्सलेन फ्लाईओवर बनने से अब राहगीरों के लिए बहुत सहूलियत हो गई है। सिक्टौर के पास कुशीनगर फोरलेन जुड़ने से देवरिया बाईपास की तरफ आकर वाहन फोरलेन व सिक्सलेन फ्लाईओवर होते हुए गंतव्य की ओर रवाना हो सकेंगे। कुशीनगर की तरफ से आने वाले वाहनों को यदि महानगर में आना होगा तो उन्हें कूड़ाघाट, मोहद्दीपुर आदि भीड़भाड़ वाले स्थानों तक जाने से मुक्ति मिल जाएगी।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में डिजिटल होगा शहर का हर भू-अभिलेख, 'नक्शा' परियोजना का सर्वे शुरू
जमीन का अधिग्रहण न करने को माथा-पच्ची
देवरिया बाईपास पर सिक्टौर के पास कुशीनगर फोरलेन व देवरिया बाईपास फोरलेन कुछ दूरी तक समानांतर गुजरे हैं। यहां लखनऊ से आने वाले वाहनों को देवरिया बाईपास की तरफ मोड़ना आसान है लेकिन कुशीनगर की तरफ से जाने वाले वाहनों के लिए विशेष व्यवस्था बनानी हाेगी।
खबरें और भी
एनएचएआइ के अधिकारी चाहते हैं कि बिना जमीन का अधिग्रहण किए दोनों तरफ से सड़क को देवरिया बाईपास से जोड़ दिया जाए। इससे जमीन अधिग्रहण में होने वाला खर्च बच जाएगा। साथ ही लोगों को भी कोई दिक्कत नहीं होगी।
अभी ऐसे जाते हैं वाहन
महानगर से लखनऊ जाने वाले वाहनों को लिंक एक्सप्रेसवे तक पहुंचने के लिए नौसढ़ होते हुए बाघागाड़ा होते हुए जाना पड़ता है। दूसरा रास्ता नौसढ़ से सहजनवा होते हुए लखनऊ जाता है। वापस आने में भी वाहनों को नौसढ़ से गुजरना होता है। इस कारण यहां दिन-रात जाम रहता है।