विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर के धुरियापार में उद्योगों की राह होगी आसान, 119 करोड़ से बनेंगी 14 सड़कें

Published: Wed, 28 Oct 2026 09:11 AM (IST)

गोरखपुर के धुरियापार में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए 119 करोड़ रुपये की लागत से 15 किलोमीटर लंबी ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण

HighLights

  1. धुरियापार में औद्योगिक विकास के लिए सड़क निर्माण।

  2. 119 करोड़ रुपये से 15 किलोमीटर लंबी 14 सड़कें।

  3. ग्रेटर गीडा में निवेश और कनेक्टिविटी को बढ़ावा।

जागरण संवाददाता, सहजनवा, (गोरखपुर)। धुरियापार में औद्योगिक विकास की जमीन तैयार करने के साथ अब वहां तक पहुंचने का रास्ता भी मजबूत किया जाएगा। ग्रेटर गीडा के औद्योगिक क्षेत्र में निवेशकों और उद्यमियों की सुविधा के लिए सड़कों का व्यापक नेटवर्क विकसित करने की योजना बनाई गई है। इसके तहत 119 करोड़ रुपये खर्च कर 15 किलोमीटर लंबी 14 सड़कें बनाई जाएंगी।

गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) ने इसके लिए प्रस्ताव तैयार किया है। योजना के धरातल पर उतरने से औद्योगिक भूखंडों तक पहुंच आसान होगी और उद्योगों की स्थापना के लिए जरूरी आधारभूत सुविधाएं विकसित हो सकेंगी।

धुरियापार को नए औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। गोला तहसील क्षेत्र में विकसित हो रहे ग्रेटर गीडा में निवेश की संभावनाओं को देखते हुए प्राधिकरण भूमि अधिग्रहण से लेकर भूखंडों के आवंटन तक की प्रक्रिया आगे बढ़ा रहा है। अब औद्योगिक गतिविधियों के अनुकूल सड़कें तैयार करने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि भूखंड आवंटित होने के बाद उद्यमियों को आवागमन और परिवहन संबंधी परेशानियों का सामना न करना पड़े।

60 मीटर तक चौड़ी होंगी सड़कें
प्रस्तावित योजना के पहले चरण में सेक्टर एस-5, एस-6 ए और एस-7 को सड़क नेटवर्क से जोड़ा जाएगा। यहां बनने वाली सड़कों की चौड़ाई 60 मीटर, 45 मीटर और 30 मीटर निर्धारित की गई है। औद्योगिक क्षेत्र की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग चौड़ाई की सड़कें प्रस्तावित की गई हैं। इससे बड़े वाहनों के आवागमन, कच्चे माल की आपूर्ति और तैयार उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने में सहूलियत मिलने की उम्मीद है।

निवेश बढ़ाने के लिए बुनियादी ढांचे पर जोर
औद्योगिक क्षेत्र में केवल भूखंड उपलब्ध कराना पर्याप्त नहीं है। उद्योगों के संचालन के लिए बेहतर सड़क संपर्क भी जरूरी है। इसी को ध्यान में रखकर गीडा सड़क निर्माण की तैयारी कर रहा है। सड़कें बनने से निवेशकों को अपने भूखंडों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। साथ ही निर्माण सामग्री और मशीनरी की ढुलाई आसान होने से औद्योगिक इकाइयों की स्थापना में भी मदद मिल सकती है। बेहतर संपर्क मार्ग विकसित होने से धुरियापार में औद्योगिक निवेश को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें- सैलून संचालक आत्महत्या मामला: गोरखपुर में मकान मालिक दंपति गिरफ्तार, वीडियो बना था सबूत


गीडा के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी राम प्रकाश ने बताया कि धुरियापार औद्योगिक क्षेत्र के सेक्टर एस-5, एस-6 ए और एस-7 में करीब 15 किलोमीटर लंबी 14 सड़कों के निर्माण के लिए 119 करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसके माध्यम से औद्योगिक क्षेत्र में आवागमन की सुविधाओं को बेहतर बनाने की योजना है।

यह भी पढ़ें- मदीना में फंसे गोरखपुर के 40 जायरीन, घर वापसी का इंतजार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।