विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नेपाल बाढ़ के बाद नारायणी नदी का जलस्तर सामान्य, गोरखपुर मंडल में टला बाढ़ का खतरा, व्यापार और पर्यटन प्रभावित

Published: Fri, 28 Aug 2026 07:34 AM (IST)

नेपाल में बाढ़ के बाद नारायणी नदी का जलस्तर सामान्य होने से गोरखपुर, महराजगंज और कुशीनगर में बाढ़ का खतरा ...और पढ़ें

गुरुवार को नारायणी का जलस्तर सामान्य रहा। जागरण

गुरुवार को नारायणी का जलस्तर सामान्य रहा। जागरण

HighLights

  1. नारायणी नदी का जलस्तर सामान्य, गोरखपुर में बाढ़ का खतरा टला।

  2. नेपाल में फंसे 6 में से 4 लोगों का पता चला, 6 शव बरामद।

  3. भारत-नेपाल व्यापार और पर्यटन प्रभावित, सोनौली पर माल अटका।

जागरण टीम, गोरखपुर। नेपाल में बाढ़ के बाद गुरुवार को नारायणी का जलस्तर सामान्य रहा। गोरखपुर, महराजगंज और कुशीनगर में फिलहाल बाढ़ का खतरा नहीं है। जलस्तर में उतार-चढ़ाव और नेपाल की तबाही को देखते हुए प्रशासन अगले तीन-चार दिन अलर्ट रहेगा। नेपाल में फंसे गोरखपुर-बस्ती मंडल के छह लोगों में चार का पता चल चुका है। महराजगंज-कुशीनगर में छह अज्ञात शव भी बरामद हुए हैं।

हनुमानगंज में विशालकाय मछली मिली। रसुवागढ़ी गलियारा ध्वस्त होने से भारत-नेपाल-तिब्बत व्यापार ठप है। सोनौली पर भंसार प्रक्रिया पूरी कर चुके आलू, प्याज, फल-सब्जियों के मालवाहक अरुण खोला में रुके हैं।

कारोबारियों को माल खराब होने की चिंता है। राहत आयुक्त कार्यालय में दर्ज सूचनाओं के अनुसार गोरखपुर सदर के मुड़ेरी निवासी आशुतोष मणि उपाध्याय, चौरीचौरा के अभिषेक सिंह और सिद्धार्थनगर के विशाल पांडेय से परिवार का संपर्क हो गया है। महाराजगंज के राजकुमार गौतम लौट आए हैं।

सहजनवां के रामपुर घरथौली निवासी अजय सिंह और महराजगंज के करन शर्मा से संपर्क नहीं हो सका है। गुरुवार सुबह नारायणी नदी का डिस्चार्ज 63 हजार क्यूसेक था, जो दस बजे 88 हजार और दोपहर तक करीब 1.50 लाख क्यूसेक पहुंच गया। शाम छह बजे महराजगंज में जलस्तर 1.02 लाख क्यूसेक दर्ज हुआ।

एपी व नरवाजोत-अमवाखास बांध पर रातभर निगरानी रही। दोपहर तीन बजे अधीक्षण अभियंता ने बांध व स्परों का निरीक्षण किया। बाढ़ के पानी से अधिक चिंता सिल्ट की है। बुधवार शाम गंडक नहर प्रणाली बंद कर दी गई। गुरुवार को नेपाल से 13 क्यूबिक मीटर सिल्ट आ रही थी। मात्रा तीन क्यूबिक मीटर होने पर नहरें चलेंगी। नेपाल से गंडक के तेज बहाव में घरेलू सामान भारत पहुंच रहा है।

यह भी पढ़ें- नेपाल में रसोई ठंडी, खेत सूखे, भारत से सप्लाई कट के बीच सरकार की कूटनीतिक परीक्षा

कुशीनगर-महराजगंज में सिलेंडर, लकड़ी, स्टील पाइप और डिब्बे निकालने के लिए नदी किनारे भीड़ जुटी। सोनौली पर फंसे वाहनों के चलते कारोबार और महंगाई प्रभावित हो सकती है। काठमांडू, पोखरा, चितवन और नेपालगंज जा रहे भारतीय पर्यटक रास्ते से लौट रहे हैं।