Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गोरखपुर में गीडा की फ्लैटेड फैक्ट्री तैयार, जल्द शुरू होगा आवंटन; परियोजना से गारमेंट उद्योग को मिलेगी फायदा

    Updated: Mon, 11 May 2026 07:50 PM (IST)

    गोरखपुर में गीडा की 42.36 करोड़ रुपये की लागत से बनी फ्लैटेड फैक्ट्री तैयार है, जो 'एक जिला एक उत्पाद' रेडीमेड गारमेंट उद्योग को बढ़ावा देगी। इसमें 80 ...और पढ़ें

    AI जेनेरेटेड फोटो।

    AI जेनेरेटेड फोटो।

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    जागरण संवाददाता, गोरखपुर। जिले के एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) रेडीमेड गारमेंट उद्योग को बढ़ावा देने के लिए गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) के सेक्टर-13 में तैयार की गई फ्लैटेड फैक्ट्री अब आवंटन की अंतिम प्रक्रिया में पहुंच गई है।

    करीब 42.36 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस आधुनिक बहुमंजिला फैक्ट्री का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। अब उद्यमियों को इकाइयों के आवंटन से पहले दरों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इस संबंध में जल्द ही कास्टिंग कमेटी की रिपोर्ट आने वाली है।

    भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) मंत्रालय ने करीब दो वर्ष पहले इस परियोजना को मंजूरी दी थी। लगभग 30 हजार वर्ग मीटर क्षेत्रफल में विकसित यह फ्लैटेड फैक्ट्री चार मंजिला भवन के रूप में तैयार की गई है। इसमें कुल 80 औद्योगिक इकाइयां बनाई गई हैं, जहां रेडीमेड गारमेंट से जुड़े उद्यमी आसानी से अपना कारोबार शुरू कर सकेंगे।

    फैक्ट्री की सबसे बड़ी विशेषता प्लग एंड प्ले सुविधा है। इसके तहत उद्यमियों को अलग से भारी आधारभूत ढांचा तैयार करने की आवश्यकता नहीं होगी। वे केवल मशीनें और कच्चा माल लाकर सीधे उत्पादन शुरू कर सकेंगे। इससे कम पूंजी वाले नए उद्यमियों को उद्योग स्थापित करने में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

    खबरें और भी

    परियोजना में उत्पादों के प्रदर्शन के लिए आधुनिक प्रदर्शनी हाल भी तैयार किया गया है। इसके साथ ही मार्केटिंग आउटलेट की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि स्थानीय स्तर पर तैयार परिधानों को बेहतर बाजार मिल सके।

    महिला कर्मियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उनके बच्चों के लिए अलग स्थान की व्यवस्था की गई है। भवन में अग्निशमन यंत्र, कर्मचारियों के लिए अलग-अलग लिफ्ट समेत कई आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।

    रेडीमेड गारमेंट से जुड़े उद्यमियों का कहना है कि फ्लैटेड फैक्ट्री शुरू होने से गोरखपुर का रेडीमेड गारमेंट उद्योग नई पहचान हासिल करेगा। इससे स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय बाजार तक पहुंच मिलेगी और छोटे उद्यमियों को कम लागत में कारोबार शुरू करने का अवसर मिलेगा।

    उन्होंने कहा कि परियोजना से जिले की औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी। जल्द ही इकाइयों का आवंटन शुरू किया जाएगा।

    फ्लैटों की दर को लेकर उद्यमियों के साथ बैठक हो चुकी है। जल्द ही दर संबंधी कास्टिंग कमेटी की रिपोर्ट आने वाली है। इसके बाद आवंटन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। -रामप्रकाश, एसीईओ, गीडा।