गोरखपुर में गोड़धोइया नाला के दोनों तरफ बनेगी 3.75 मीटर चौड़ी सड़क, 68 करोड़ की परियोजना मंजूर
गोरखपुर में गोड़धोइया नाला के दोनों ओर 3.75-3.75 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण होगा, जिस पर लगभग 68 करोड़ रुपये ...और पढ़ें
-1792807467180_m.webp)
गोड़धोइया नाला। जागरण
HighLights
गोड़धोइया नाला के दोनों ओर 3.75 मीटर चौड़ी सड़क।
सड़क निर्माण पर लगभग 68 करोड़ रुपये का खर्च।
अगले महीने शिलान्यास के बाद काम शुरू होने की उम्मीद।
दुर्गेश त्रिपाठी, गोरखपुर। गोड़धोइया नाला के दोनों तरफ सड़क की चौड़ाई तय कर दी गई है। दोनों तरफ 3.75-3.75 मीटर चौड़ाई में सड़क बनेगी। नाला की दीवार से सटकर सड़क बनेगी और इसके नीचे जल निगम की सीवर लाइन रहेगी। जल निगम ने नाला के लिए जमीन का अधिग्रहण करने के बाद दोनों तरफ 4.25-4.25 मीटर चौड़ाई में जगह छोड़ दी थी।
माना जा रहा है कि अगले महीने सड़क का शिलान्यास होगा। इसके तत्काल बाद काम भी शुरू करा दिया जाएगा। चार से पांच महीने में काम पूरा होने की उम्मीद है। सड़क निर्माण पर तकरीबन 68 करोड़ रुपये खर्च होंगे। लोक निर्माण विभाग को सड़क बनानी है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर एक अप्रैल 2023 से महानगर के सबसे बड़े गोड़धोइया नाला के जीर्णोद्धार का कार्य शुरू कराया गया। इस कार्य पर 495 करोड़ 24 लाख रुपये खर्च हुए हैं। बाबा राघवदास मेडिकल कालेज के पीछे से हरसेवकपुर नंबर एक व दो, जेल बाईपास होते हुए नाला रामगढ़ताल के किनारे तक बनाया गया है। यहीं पर 38 मिलियन लीटर प्रतिदिन क्षमता का सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट भी बनाया गया है।
नाला की लंबाई 9.7 किलोमीटर है। नाला के बगल में दोनों तरफ सड़क निर्माण के लिए 4.25-4.25 मीटर की चौड़ाई में जगह छोड़ी गई थी। नाला के बगल में सीवर लाइन बिछाकर घरों से निकलने वाले गंदे पानी को सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट तक पहुंचाया जाएगा।
वाहनों की सुरक्षा के लिए होगी व्यवस्था
नाले के दोनों तरफ बनने वाली सड़क पर वाहन भी चल सकेंगे। सड़क से गुजरने वाले वाहन नाले की दीवार से न टकराएं, इसके लिए लोक निर्माण विभाग विशेष व्यवस्था करेगा। दोनों तरफ पथ प्रकाश की भी व्यवस्था होगी ताकि लोग सुबह-शाम टहल सकें।
कई लोगों ने फिर कर लिया है निर्माण
नाला और सड़क के लिए भूमि का अधिग्रहण कर सभी को मुआवजा दिया जा चुका है। मुआवजा लेने के बाद भी कुछ लोगों ने अधिग्रहीत हिस्सा नहीं गिराया तो कुछ ने खाली जमीन देख फिर निर्माण करा लिया है। ऐसे लोगों का अवैध निर्माण गिराया जाएगा। हालांकि अभियंता सबसे पहले उन इलाकों में सड़क का निर्माण कराएंगे जहां पूरा रूट साफ मिलेगा। जहां अधिक्रमण मिला, वहां सड़क का निर्माण सबसे आखिर में कराया जाएगा।
फैक्ट फाइल
- 20 वार्डों के नागरिकों को मिल रहा है गोड़धोइया नाला बनने का लाभ
- 2.5 लाख घरों से निकलने वाले गंदे पानी को सीवर लाइन के जरिये निकाला जाएगा
- 9.75 किलोमीटर लंबाई में बने नाले के दोनों तरफ आरसीसी दीवार है
- 38 मिलियन लीटर प्रतिदिन क्षमता का सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट बनाया गया है
- 17.94 किलोमीटर लंबाई में इंटरसेप्टिंग सीवर लाइन
- 15 मेन पंपिंग स्टेशन, 18 पुल/कल्वर्ट
जल निगम भी शुरू करेगा दूसरे चरण का काम
गोड़धोइया नाला के दोनों तरफ सीवर लाइन में घरों से निकलने वाले पानी को पहुंचाने के लिए जल निगम दूसरे चरण का काम शुरू करने वाला है। यह काम अगले महीने शुरू होने की उम्मीद है। इससे घरों से निकलने वाला गंदा पानी सीवर लाइन से होते हुए सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट में जाएगा और वहां से पानी शुद्ध कर रामगढ़ताल में गिरा दिया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।