गोरखपुर में पेड़ पर चढ़ा, जेल की 20 फीट ऊंची दीवार फांद बंदी फरार; जेलर समेत पांच निलंबित
गोरखपुर जिला कारागार से दुष्कर्म व अपहरण का आरोपित बंदी विपिन कुमार शुक्रवार सुबह 20 फीट ऊंची दीवार फांदकर फरार हो गया। जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया ...और पढ़ें

जेल से फरार हुआ बंदी विपिन कुमार -सौ सीसीटीवी
HighLights
दुष्कर्म व अपहरण का आरोपित बंदी जेल से फरार।
पेड़ पर चढ़कर 20 फीट ऊंची दीवार फांदकर भागा।
दो जेल वार्डरों पर मुकदमा, पुलिस तलाश में जुटी।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। जिला कारागार से शुक्रवार सुबह दुष्कर्म व अपहरण का आरोपित बंदी पेड़ पर चढ़ा, फिर 20 फीट ऊंची दीवार फांदकर फरार हो गया। बांसगांव क्षेत्र के सरसोपार निवासी विपिन कुमार जेल परिसर में खेती वाले हिस्से में काम कर रहा था। सुबह करीब नौ बजे घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया।
शाहपुर थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच और अन्य टीमें उसकी तलाश में जुट गईं। कौआबाग पुलिस चौकी के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में आरोपित रेलवे कालोनी की ओर जाता दिखा है। जेल अधीक्षक दिलीप पांडेय ने शाहपुर थाने में दो जेल वार्डरों एवं फरार बंदी पर मुकदमा दर्ज कराया है।
बांसगांव पुलिस ने विपिन कुमार को 18 जुलाई को अपहरण के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा था। जांच के दौरान मुकदमे में पाक्सो एक्ट व दुष्कर्म की धाराएं बढ़ाई गई थीं। जेल सूत्रों के अनुसार परिसर में बैरक का निर्माण कार्य चल रहा है। बगल में खेती की भूमि है, जहां शुक्रवार सुबह बंदियों को काम के लिए भेजा गया था। इसी दौरान विपिन निगरानी में चूक का फायदा उठाकर पेड़ पर चढ़ गया और जेल की करीब 20 फीट ऊंची दीवार पार कर फरार हो गया।
शाम पांच बजे जिलाधिकारी दीपक मीणा व एसएसपी डा. कौस्तुभ ने जिला कारागार पहुंच जेल अधीक्षक से घटनाक्रम की जानकारी ली और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। जेल वार्डरों से भी पूछताछ की गई। फरार बंदी की तलाश में रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और जिले से बाहर जाने वाले मार्गों पर जांच तेज कर दी गई है।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में टेंट व्यवसायी की मौत: पत्नी पर खुदकुशी के लिए उकसाने का आरोप, गिरफ्तार
जीआरपी व आरपीएफ को भी अलर्ट किया गया है। आरोपित के रिश्तेदारों व करीबियों से पुलिस पूछताछ कर संभावित ठिकानों की जानकारी जुटा रही है। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने बताया कि फरार बंदी की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगी हैं। जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
जेलर समेत पांच निलंबित
महानिदेशक कारागार पीसी मीणा ने गोरखपुर जेल से बंदी के भागने के मामले की जांच के बाद जेल वार्डर जितेन्द्र गौतम व जितेन्द्र कुमार दुबे, हेड जेल वार्डर ज्ञान प्रकाश श्रीवास्तव व रामजीत सिंह और जेलर अरुण कुमार को निलंबित करते हुए उनके विरुद्ध विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। जेल अधीक्षक दिलीप कुमार पांडेय के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की संस्तुति की गई है।