Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गोरखपुर यांत्रिक कारखाने में जूनियर इंजीनियर चयन की लिखित परीक्षा निरस्त, सामने आई यह वजह

    Updated: Fri, 29 May 2026 01:00 PM (IST)

    गोरखपुर के यांत्रिक कारखाने में 28 दिसंबर 2025 को हुई जूनियर इंजीनियर चयन की लिखित परीक्षा अनियमितताओं के कारण रद्द कर दी गई है। राजभाषा के प्रश्न न प ...और पढ़ें

    नियमानुसार नहीं पूछे गए थे राजभाषा से संबंधित दस प्रतिशत सवाल। सांकेतिक तस्वीर

    नियमानुसार नहीं पूछे गए थे राजभाषा से संबंधित दस प्रतिशत सवाल। सांकेतिक तस्वीर

    HighLights

    1. जूनियर इंजीनियर चयन की लिखित परीक्षा अनियमितताओं के कारण रद्द।

    2. राजभाषा से संबंधित दस प्रतिशत सवाल नियमानुसार नहीं पूछे गए।

    3. परीक्षा में कुछ प्रश्न केवल अंग्रेजी भाषा में ही थे।

    जागरण संवाददाता, गोरखपुर। यांत्रिक कारखाने में लिमिटेड डिपार्टमेंटल कंपेटेटिव इग्जामिनेशन (एलडीसीई) के तहत जूनियर इंजीनियर चयन के लिए 28 दिसंबर 2025 को आयोजित लिखित परीक्षा निरस्त कर दी गई है। कारखाना के वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी ने 26 मई को पत्र लिखकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिया है।

    वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी का कहना है कि यांत्रिक कारखाना, गोरखपुर की रिक्तियों के अनुसार आयोजित जूनियर इंजीनियर/मैकेनिकल वर्कशाप लेवल 6 की चयन लिखित परीक्षा को सक्षम अधिकारी द्वारा निरस्त कर दिया गया है। अग्रिम आदेश एवं आगामी परीक्षा की तिथि के संबंध में मुख्यालय से निर्देश प्राप्त होने पर सूचित किया जाएगा।

    एलडीसीई के तहत आयोजित विभागीय पदोन्नति परीक्षा नियमानुसार नहीं हुई थी। परीक्षा के बाद परीक्षार्थियों ने परीक्षा की शुचिता पर सवाल खड़ा करते हुए विरोध जताया था। उनका आरोप था कि परीक्षा में नियमानुसार राजभाषा से संबंधित दस प्रतिशत सवाल नहीं पूछे गए थे। सभी प्रश्न दो भाषाओं में नहीं थे।

    दस से 12 सवाल सिर्फ अंग्रेजी में ही पूछे गए थे, जो अनियमितता की तरफ इशारा कर रहे थे। दैनिक जागरण ने भी परीक्षार्थियों की शिकायतों को प्रमुखता से उठाते हुए खबर प्रकाशित की थी। मामला प्रकाश में आने के बाद रेलवे प्रशासन ने जांच बैठा दी थी। परीक्षार्थियों की शिकायतें सही पाए जाने पर रेलवे प्रशासन ने परीक्षा को निरस्त कर दिया है।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- गोरखपुर में सड़क-पुल पर घूम रहीं गाय-भैंस, निगम कर रहा कागजी कार्रवाई

    दरअसल, पूर्वोत्तर रेलवे में एलडीसीई के तहत आयोजित विभागीय पदोन्नति परीक्षाओं पर लगातार सवाल खड़े हो रहे हैं। रेलवे प्रशासन ने 26 फरवरी को एमएसटीसी गोरखपुर में आयोजित तकनीशियन ग्रेड थर्ड/ कारपेंटर की लिखित परीक्षा सक्षम अधिकारी के अनुमोदन से निरस्त कर दिया है।

    उप मुख्य इंजीनियर कार्यालय ने पांच मई को उप मुख्य इंजीनियर गोरखपुर क्षेत्र का हवाला देते हुए परीक्षा निरस्तीकरण का दिशा-निर्देश जारी कर दी है। अभ्यर्थियों का आरोप था कि तकनीशियन ग्रेड थर्ड/ कारपेंटर की एलडीसीई की लिखित परीक्षा दो वर्ष पहले हुबली में बने पेपर से ही आयोजित करा ली गई थी। परीक्षा के लगभग सभी सवाल (100 के करीब) के जवाब एक विकल्प में ही दिए गए थे। दैनिक जागरण ने इस प्रकरण को भी प्रमुखता से उठाते हुए प्रकाशित किया था।