गोरखपुर में सिलिंडर के लिए हंगामा, नोकझोंक फिर मायूस लौटे
गोरखपुर में रसोई गैस सिलिंडर की कमी से ग्राहक परेशान हैं। शाहपुर में 75 वर्षीय वृद्धा को बिना सिलिंडर वापस लौटना पड़ा, वहीं फातिमा खजांची बाईपास पर ग् ...और पढ़ें

शाहपुर में धारा गैस सर्विस पर बुलानी पड़ी पुलिस, चंद्रावती गैस सर्विस पर नहीं मिला सिलिंडर। जागरण
HighLights
गोरखपुर में रसोई गैस सिलिंडर की भारी कमी।
ग्राहकों ने कई एजेंसियों पर किया जोरदार हंगामा।
कालाबाजारी और वितरण में अनियमितता के गंभीर आरोप।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। रसोई गैस संकट में धीरे-धीरे कमी आने के बाद भी कई एजेंसियों पर संकट बना हुआ है। महानगर के शाहपुर थाना क्षेत्र के चंद्रावती इंडेन गैस सर्विस पर सिलिंडर न आने से ग्राहकों को दिक्कत का सामना करना पड़ा। सिलिंडर लेकर एजेंसी पर पहुंचीं 75 वर्षीय वृद्धा की परेशानी देख लोगों ने व्यवस्था कराने की कोशिश की लेकिन कुछ न हो सका।
इसके बाद वृद्धा को सिलिंडर लेकर वापस जाना पड़ा। इधर, फातिमा खजांची बाइपास स्थित धारा भारत गैस सर्विस पर सिलिंडर न मिलने से नाराज ग्राहकों ने हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह लोगों को समझाकर शांत कराया।
चरगांवा संवाद सूत्र के अनुसार चंद्रावती इंडेन गैस सर्विस गुरुवार को सिलिंडर नहीं मिला। इस कारण लोग मोहनापुर स्थित गोदाम से लगायत शोरूम तक चक्कर काटते रहे। शाहपुर क्षेत्र के गीता वाटिका की 75 वर्षीय आशा पांडेय को बुकिंग के बाद भी एक सप्ताह से सिलिंडर नहीं मिला है।
वह होम डिलीवरी के इंतजार में हाकर व मैनेजर से बात करने की कोशिश करती रहीं लेकिन मोबाइल फोल स्विच आफ होने के कारण बात नहीं हो हो पायी। परेशान आशा पांडेय ने गुरुवार को सिलिंडर रिक्शा पर रखवाया और सुबह आठ बजे शोरूम पर पहुंचीं।
खबरें और भी
रिक्शा चालक सिलिंडर उतारकर सौ रुपये चला गया। इसके बाद वह शोरूम खुलने का इंतजार करने लगीं। एजेंसी के शोरूम के फर्श पर काफी देर बैठने के बाद कार्यालय खुला तो कर्मचारी ने बताया कि सिलिंडर नहीं आया है इसलिए वितरण नहीं होगा।
आशा पांडेय ने फिर सौ रुपये में रिक्शा तय किया और सिलिंडर लेकर घर चली गईं। कहा कि सिलिंडर न मिला तो घर में खाने के लाले पड़ जाएंगे। आवास विकास कालोनी शाहपुर लाल कोठी की शैल शर्मा ने 23 मार्च मीना शर्मा ने नौ मार्च को सिलिंडर की आनलाइन बुकिंग की लेकिन अब तक डिलीवरी नहीं हुई।
आरोप लगाया कि गैस की कालाबाजारी चरम सीमा पर हो रही है। इसकी जांच कर कार्रवाई होनी चाहिए क्योंकि वास्तविक उपभोक्ता परेशान हैं। आरोप लगाया कि कर्मचारी व मैनेजर बहाना बना रहे हैं। वितरण में लगाए पुलिसकर्मियों की संदिग्ध भूमिका भी चर्चा के केंद्र में है। चंद्रावती इंडेन सर्विस के मालिक रंजीत यादव ने बताया कि गुरुवार को गाड़ी नहीं आई।
फातिमा-खजांची बाईपास रोड स्थित धारा भारत गैस की एजेंसी पर पहुंचे ग्राहकों ने सिलिंडर न मिलने पर हंगामा किया। शाहपुर पुलिस ने सभी को शांत कराया। सिलिंडर कम होने के कारण सैकड़ों ग्राहक मायूस होकर लौटे। धारा भारत गैस के मैनेजर अनिल पांडेय ने बताया कि बुकिंग ज्यादा थी, सिलिंडर कम था, इस कारण दिक्कत हुई है।
गजपुर संवाद सूत्र के अनुसार चौरसिया एचपी ग्रामीण गैस वितरक एजेंसी गजपुर में गैस लेने के लिए ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन पर बुकिंग की बाध्यता से समस्या बढ़ रही हे। मनीष कुमार, वशिष्ठ, इंद्रावती आदि का कहना है एक सिलिंडर 45 दिन तक चलाना मुश्किल है।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में डीजल-पेट्रोल का है चार गुणा स्टॉक, घबराने की जरूरत नहीं
चौरसिया एचपी ग्रामीण गैस वितरक गजपुर के व्यवस्थापक शत्रुघ्न चौरसिया ने बताया सिलिंडर की उपलब्धता व बुकिंग के आधार पर गैस वितरण कराया जा रहा है।पीपीगंज संवाद सूत्र के अनुसार पीपीगंज क्षेत्र में सिलिंडर वितरण की व्यवस्था पटरी पर न आने से नाराज पीपीगंज नगर व्यापार मंडल के अध्यक्ष सचिन वर्मा के नेतृत्व में एसडीएम को ज्ञापन दिया गया।
बताया कि डीएसी नंबर आने के बाद भी सिलिंडर नहीं मिल पा रहा है। केवाईसी के लिए भी ग्राहकों को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कालाबाजारी का भी आरोप लगाया। इस दौरान शशांक त्रिपाठी, अमरनाथ मद्धेशिया, संदीप अग्रहरि आदि मौजूद रहे।
सिकरीगंज में समस्या का नहीं हो पा रहा समाधान
सिकरीगंज संवाद सूत्र के अनुसार नंदनी इंडेन ग्रामीण वितरक एजेंसी से जुड़े ग्राहकों को सिलिंडर पाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सिकरीगंज थाने के सामने सिलिंडर का वितरण करने की व्यवस्था होने के बाद भी ग्राहकों की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है।
झिनका देवी ने बताया कि कई दिन से एजेंसी पर जा रही हूं लेकिन सिलिंडर नहीं मिल रहा है। पूछने पर एजेंसी के कर्मचारी भी सही जवाब नहीं देते हैं। शत्रुघ्न ने बताया कि आनलाइन बुकिंग की थी और 975 रुपये का भुगतान भी कर दिया था। पांच दिन बीतने के बाद भी डिजिटल अथेंटिकेशन कोड नहीं आया।
मो. सब्बीर ने बताया कि मेरा 10 किलोग्राम भार वाला कनेक्शन है। पिछले 10 दिनों से सिलिंडर के लिए एजेंसी पर जा रहा हूं लेकिन कर्मचारी सिलिंडर न होने का हवाला देकर वापस कर दे रहे हैं। पूछने पर कोई सही जवाब नहीं देता है।