गोरखपुर में अस्पताल से घर लौट रही स्कूटी सवार नर्स की सड़क हादसे में मौत, सदमे में परिवार
गोरखपुर में ड्यूटी पूरी कर घर लौट रही 22 वर्षीय नर्स प्रेरणा गौड़ की सड़क हादसे में मौत हो गई। अज्ञात वाहन ने स्कूटी में टक्कर मारी, जिससे गंभीर रूप स ...और पढ़ें

प्रेरणा गौड़ की फाइल फोटो। जागरण
HighLights
गोरखपुर में 22 वर्षीय नर्स प्रेरणा गौड़ की सड़क हादसे में मौत।
ड्यूटी से घर लौटते समय अज्ञात वाहन ने स्कूटी को टक्कर मारी।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज से फरार वाहन चालक की तलाश कर रही।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। ड्यूटी पूरी करने के बाद घर लौट रही 22 वर्षीय नर्स की गुरुवार रात सड़क हादसे में मौत हो गई। राजघाट क्षेत्र स्थित अमरूद मंडी के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी स्कूटी में पीछे से टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल नर्स को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चार पहिया वाहन लेकर चालक वाहन फरार हो गया। सीसी कैमरा फुटेज की मदद से वाहन के बारे में पुलिस जानकारी जुटा रही है।
बेलीपार के भौवापार गांव निवासी पराग गौड़ की पुत्री प्रेरणा गौड़ शहर के एक निजी अस्पताल में नर्स के पद पर कार्यरत थी। गुरुवार रात करीब आठ बजे ड्यूटी समाप्त होने पर वह स्कूटी से घर लौट रही थी। अमरूद मंडी के पास पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने स्कूटी टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से राजघाट थाना पुलिस उसे जिला अस्पताल ले गई। पिता ने बताया कि नर्सिंग का प्रशिक्षण पूरा करने के बाद प्रेरणा पिछले तीन वर्षों से निजी अस्पताल में काम कर रही थी।
यह भी पढ़ें- राप्तीसागर एक्सप्रेस में कोच अटेंडेंट बेच रहे थे शराब, गोरखपुर से तीन गिरफ्तार
सीओ कोतवाली ओंकार दत्त ने बताया कि सीसी कैमरा फुटेज की मदद से ठोकर मारने वाले वाहन के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
पांच भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी
पांच भाई-बहनों में प्रेरणा सबसे बड़ी थी। बेंगलुरु में पेंट-पालिश का काम करने वाले पिता कुछ दिन पहले घर आए हैं। प्रेरणा की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सूचना मिलते ही घर में मातम पसर गया है।