गोरखपुर वासियों को दशहरा गिफ्ट: जल्द शुरू होगा पादरी बाजार फोरलेन फ्लाईओवर, जाम से मिलेगी मुक्ति
गोरखपुर के पादरी बाजार चौराहे पर बन रहा फोरलेन फ्लाईओवर अब अंतिम चरण में है, जिसका 92 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। यह 98.34 करोड़ रुपये की लागत से ब ...और पढ़ें

पादरी बाजार फोरलेन फ्लाईओवर बन कर हो जाएगा तैयार। जागरण
HighLights
पादरी बाजार फ्लाईओवर का 92% निर्माण कार्य पूरा।
दशहरा से पहले लोकार्पण की संभावना, 98.34 करोड़ लागत।
गोरखपुर को जाम से मिलेगी बड़ी राहत।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। गोरक्षनगरी में सड़क अवसंरचना लगातार मजबूत हो रही है। इसी कड़ी में शहर के सबसे व्यस्त चौराहों में शामिल पादरी बाजार चौराहे पर बन रहा फोरलेन फ्लाईओवर अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। करीब 98.34 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहे इस फ्लाईओवर का 92 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। दशहरा से पहले शहर को एक और फ्लाईओवर मिलने की संभावना है।
बरगदवा-कौआबाग जेल बाईपास फोरलेन पर स्थित पादरी बाजार चौराहा वर्षों से भारी ट्रैफिक दबाव और जाम की समस्या से जूझता रहा है। शहर के उत्तरी और पूर्वी हिस्से को जोड़ने वाले इस महत्वपूर्ण मार्ग पर प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं।
बढ़ते यातायात को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर यहां करीब 570 मीटर लंबे फोरलेन फ्लाईओवर का निर्माण कराया जा रहा है। इसका निर्माण कार्य सितंबर 2024 में शुरू हुआ था।
फ्लाईओवर शुरू होने के बाद पादरी बाजार चौराहे पर लगने वाले लंबे जाम से बड़ी राहत मिलेगी। बरगदवा, कौआबाग, जेल बाईपास, पिपराइच, कप्तानगंज, मेडिकल कालेज, महराजगंज और सोनौली की ओर आने-जाने वाले वाहनों को बिना रुकावट आवागमन का मार्ग मिलेगा। इससे यात्रा का समय कम होगा, ईंधन की बचत होगी और दुर्घटनाओं की संभावना भी घटेगी।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर को नई सौगात, लालडिग्गी पार्क के पीछे बनेगा हाईटेक कमर्शियल कॉम्प्लेक्स और बैंक्वेट हॉल
उत्तर प्रदेश सेतु निगम के महाप्रबंधक मिथिलेश कुमार के अनुसार फ्लाईओवर का अधिकांश सिविल कार्य पूरा हो चुका है। अब फिनिशिंग, सड़क निर्माण, सुरक्षा बैरियर, रेलिंग, लाइटिंग और अन्य अंतिम कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं।
वर्तमान में कुल 92 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और शेष कार्य निर्धारित समय के भीतर पूरा करने के लिए निर्माण एजेंसी लगातार काम कर रही है। योजना के अनुसार सितंबर के अंत तक सभी कार्य पूरे कर अक्टूबर में फ्लाईओवर का लोकार्पण कराया जाएगा।