'भतीजी का नाम हटाओ, नहीं तो जान से मार दूंगा', गोरखपुर में ग्राम पंचायत अधिकारी को मिली धमकी
गोरखपुर में एक ग्राम पंचायत अधिकारी को परिवार रजिस्टर से भतीजी का नाम हटाने से इनकार करने पर जान से ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
ग्राम पंचायत अधिकारी को जान से मारने की धमकी मिली।
परिवार रजिस्टर से नाम हटाने से इनकार पर विवाद।
भूमि विवाद में धमकी देने वाले पर FIR दर्ज।
संवाद सूत्र, पिपराइच, (गोरखपुर)। परिवार रजिस्टर से भतीजी का नाम हटाने से इन्कार करने पर ग्राम पंचायत अधिकारी को दो बार फोन कर जान से मारने की धमकी दी गई। आरोपित पर नियम के विपरीत नाम हटाने के लिए दबाव बनाने और विरोध करने पर गाली-गलौज करने का भी आरोप है। विकास खंड भटहट के ग्राम पंचायत अधिकारी अब्दुस सलाम की तहरीर पर पिपराइच पुलिस ने मौलाखोर निवासी गंगा सागर सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
ग्राम पंचायत अधिकारी के मुताबिक, गंगा सागर सिंह अपनी भतीजी गुड्डी देवी का नाम पुराने परिवार रजिस्टर से हटवाना चाहते थे। इसी को लेकर वह लगातार दबाव बना रहे थे। नियम के विपरीत नाम हटाने से इन्कार करने पर आरोपित ने 19 अगस्त की रात करीब 9:35 बजे फोन किया। आरोप है कि फोन पर गाली-गलौज करने के साथ क्षेत्र में आने पर जान से मारने की धमकी दी।
इसके अगले दिन 20 अगस्त की सुबह करीब 8:45 बजे भी आरोपित ने फोन कर धमकी दी। ग्राम पंचायत अधिकारी ने दोनों फोन काल की रिकार्डिंग सुरक्षित होने की बात कही है। उन्होंने मामले की जानकारी डीएम समेत अन्य अधिकारियों को भी दी। ग्राम पंचायत अधिकारी के अनुसार, गंगा सागर सिंह और उनकी भतीजी गुड्डी देवी के बीच भूमि विवाद न्यायालय में विचाराधीन है।
गुड्डी के पिता जगदीश की वर्ष 2009 में मृत्यु हो चुकी है, जबकि उनकी पत्नी अतरवासी देवी गांव में नहीं रहती हैं। गंगा सागर सिंह का दावा है कि उन्होंने शादी नहीं की है। पुराने परिवार रजिस्टर में गुड्डी का नाम दर्ज है, जबकि वर्तमान परिवार रजिस्टर में शादी के बाद उसका नाम दर्ज नहीं है।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में ओवरटेक को लेकर विवाद, बस पर पथराव करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार
आरोप है कि भूमि विवाद के चलते गंगा सागर पुराने परिवार रजिस्टर से भी गुड्डी का नाम हटवाना चाहते हैं। एसपी उत्तरी ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
