Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गोरखपुर में 84 लाख की लूट के आरोपियों से पुलिस की मुठभेड़, एक बदमाश को लगी गोली

    By Satish PandeyEdited By: Vivek Shukla
    Updated: Sat, 10 Jan 2026 03:55 PM (IST)

    गोरखपुर में 2 जनवरी को सेवानिवृत्त लेखपाल के घर हुई 84 लाख की लूट के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। क्राइम ब्रांच और एम्स थाना पुलिस की मुठभेड ...और पढ़ें

    कुसम्ही जंगल में घेराबंदी, लूट के गहने, नकदी और तमंचा बरामद। जागरण

    कुसम्ही जंगल में घेराबंदी, लूट के गहने, नकदी और तमंचा बरामद। जागरण

    HighLights

    1. गोरखपुर में 84 लाख की लूट के आरोपियों से मुठभेड़।

    2. एक बदमाश गोली लगने से घायल, दूसरा दुर्घटना में जख्मी।

    3. पुलिस ने 10 लाख के जेवर और 30 हजार नकद बरामद किए।

    जागरण संवाददाता, गोरखपुर। एम्स थाना क्षेत्र के रजही गांव में दो जनवरी की शाम सेवानिवृत्त लेखपाल के घर हुई 84 लाख रुपये की सनसनीखेज लूट के मामले में शनिवार की भोर पुलिस को बड़ी सफलता मिली। क्राइम ब्रांच और एम्स थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कुसम्ही जंगल के पास मुठभेड़ के दौरान लूट में शामिल बदमाशों को घेर लिया। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दूसरा बाइक दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुआ।

    पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान राम रक्षा उर्फ तेजू यादव, निवासी विस्तार नगर बरगदवा, के दाहिने पैर में गोली लगी। वहीं, देवेंद्र निषाद उर्फ डायना, निवासी रमसरिया टोला, रजही, पुलिस से बचने के प्रयास में बाइक से भागते समय पेड़ से टकरा गया, जिससे उसके दोनों पैर फ्रैक्चर हो गए। दोनों आरोपियों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

    एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि बदमाशों ने खुद को घिरता देख .315 बोर तमंचे से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें राम रक्षा घायल हो गया। घटनास्थल से पुलिस ने एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा, 30 हजार रुपये नकद और करीब 10 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के गहने बरामद किए हैं।

    यह भी पढ़ें- VIDEO: गोरखपुर सेल टैक्स भवन में भीषण आग, पूरा कार्यालय जलकर खाक

    इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी पुलिस के हाथ लगी है। पकड़े गए दोनों बदमाश दो जनवरी की शाम रजही गांव में हुई लूट की वारदात में शामिल थे। उस दिन दो बाइकों से पहुंचे चार बदमाशों ने सेवानिवृत्त लेखपाल के घर में घुसकर पिस्टल के बल पर पूरे परिवार को बंधक बनाया था। बच्चों को जान से मारने की धमकी देकर अलमारियों और लॉकर की चाबियां ली गई थीं। बदमाश करीब सवा घंटे तक घर में रहे और चार लाख रुपये नकद तथा लगभग 80 लाख रुपये के जेवर लूटकर फरार हो गए थे।

    तीन अन्य बदमाश फरार, छापेमारी जारी

    खबरें और भी

    पुलिस अधिकारियों के अनुसार लूट में शामिल गिरोह के तीन अन्य सदस्य अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही पूरे गिरोह को पकड़ लिया जाएगा और लूट की शेष रकम व गहनों की बरामदगी भी होगी।