गोरखपुर में एक और मासूम के गायब होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप, 5 टीमों ने 120 मिनट में रचा 'मिशन रेस्क्यू'
गोरखपुर में मां की डांट से नाराज होकर घर से निकली नौ वर्षीय बालिका को पुलिस ने दो घंटे में सकुशल ढूंढ निकाला। अपहरण का मुकदमा दर्ज कर पांच टीमों ने ते ...और पढ़ें
-1785559685437_m.webp)
सीसीटीवी की मदद से एक किलोमीटर दूर सहेली के घर से बरामद हुई। जागरण
HighLights
मां की डांट से नाराज नौ वर्षीय बच्ची लापता हुई।
पुलिस ने अपहरण का केस दर्ज कर पांच टीमें लगाईं।
दो घंटे में बच्ची सहेली के घर से सकुशल बरामद हुई।
संवाद सूत्र, चिलुआताल, (गोरखपुर)। जिले में हाल के दिनों में बच्चों के अपहरण की घटनाओं के बीच शुक्रवार को चिलुआताल पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने एक परिवार की बड़ी चिंता कुछ ही घंटों में दूर कर दी। मां की डांट से नाराज होकर घर से निकली नौ वर्षीय बालिका के लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस ने किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती।
अपहरण का मुकदमा दर्ज कर पांच टीमों को तलाश में लगाया गया। सीसीटीवी फुटेज, घेराबंदी और स्थानीय स्तर पर तेजी से की गई खोजबीन के चलते बच्ची महज दो घंटे के भीतर घर से करीब एक किलोमीटर दूर सहेली के घर से सकुशल बरामद कर ली गई।
फर्टिलाइजर क्षेत्र में रहने वाली महिला की नौ वर्षीय पुत्री शुक्रवार दोपहर निर्धारित समय से पहले घर लौट गई। मां ने उसे डांट दिया। इससे नाराज होकर वह दोपहर करीब एक बजे बिना बताए घर से चली गई। पहले परिवार ने रिश्तेदारी और आसपास के इलाकों में तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
अपराह्न तीन बजे तक बच्ची का पता नहीं चलने पर परिवार की बेचैनी बढ़ गई। शाम 5:05 बजे मां ने डायल-112 पर सूचना दी। हाल के दिनों में बच्चों से जुड़ी गंभीर घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने मामले को अत्यंत संवेदनशील मानते हुए तत्काल अपहरण का मुकदमा दर्ज किया।
खबरें और भी
थानाध्यक्ष सूरज सिंह ने पांच टीमें गठित कर संभावित मार्गों पर तलाश शुरू करा दी।सूचना मिलते ही एसपी उत्तरी ज्ञानेंद्र कुमार और सीओ कैंपियरगंज अनुराग सिंह भी गांव पहुंच गए। पुलिस ने गांव और आसपास के इलाकों की घेराबंदी कराई।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर जेल से बंदी फरार होने पर बड़ी कार्रवाई, सुरक्षा व्यवस्था की होगी गहन पड़ताल
सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, सार्वजनिक स्थानों पर पूछताछ की गई। लगातार चल रही तलाश के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि बालिका घर से लगभग एक किलोमीटर दूर अपनी सहेली के घर पर है।
पुलिस टीम तत्काल वहां पहुंची और शाम करीब सात बजे उसे सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ में बच्ची ने बताया कि मां की डांट से नाराज होकर सहेली के घर चली गई थी। एसपी उत्तरी ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि बच्ची को सुरक्षित परिजनों को सिपुर्द कर दिया गया।