VIDEO: दबिश से लौट रही गोरखपुर पुलिस टीम की स्कार्पियो पेड़ से टकराई, दरोगा की मौत, पांच घायल
निचलौल से दबिश देकर लौट रही गोरखपुर पुलिस की स्कॉर्पियो श्यामदेउरवा क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में दारोगा संतोष कुमार की मौत हो गई, जबकि ...और पढ़ें
HighLights
दबिश से लौट रही गोरखपुर पुलिस टीम का हादसा।
दारोगा संतोष कुमार की दुखद मृत्यु, पांच घायल।
स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। जालसाजी के मामले में निचलौल से दबिश देकर लौट रही रामगढ़ताल थाने की पुलिस टीम मंगलवार भोर सड़क हादसे का शिकार हो गई। महराजगंज जिले के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के कतराती इलाके में स्कार्पियो अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर पर चढ़ी और फिर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई।
हादसे में दारोगा संतोष कुमार की मौत हो गई, जबकि एसएसआइ (वरिष्ठ उप निरीक्षक), महिला दारोगा समेत पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों का बीआरडी मेडिकल कालेज में उपचार चल रहा है।
रामगढ़ताल थाने की टीम सोमवार की देर रात में दबिश देने के लिए महराजगंज गई थी। टीम में एसएसआइ रमेश चंद्र कुशवाहा, दारोगा संतोष कुमार, महिला दारोगा गीता, स्कार्पियो चालक कैंट के बिलंदपुर निवासी हेमंत कुमार (50) तथा खोराबार के रहने वाले अजीत कुमार यादव (33) शामिल थे।
तड़के करीब पांच बजे जब टीम श्यामदेउरवा क्षेत्र के कतराती से गुजर रही थी, तभी अचानक स्कार्पियो अनियंत्रित हो गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक चालक को झपकी आने की वजह से वाहन का संतुलन बिगड़ गया। तेज रफ्तार स्कार्पियो पहले डिवाइडर पर चढ़ी और फिर पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

फाइल फोटो - संतोष कुमार
दारोगा संतोष कुमार की हालत अत्यंत गंभीर थी। बीआरडी मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। एसएसआइ रमेश चंद्र कुशवाहा और महिला दारोगा गीता की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। अजीत कुमार यादव तथा चालक हेमंत कुमार समेत अन्य घायलों की हालत खतरे से बाहर है।

घायल दरोगा गीता
यह भी पढ़ें- अहमदाबाद–गोरखपुर एक्सप्रेस में TTE ने युवती से किया दुष्कर्म, सीट दिलाने का झांसा देकर वारदात को दिया अंजाम
हादसे की सूचना मिलते ही एसपी सिटी अभिनव त्यागी समेत पुलिस अधिकारी बीआरडी मेडिकल कालेज पहुंचे और घायलों का हालचाल लिया। सीओ कैंट योगेंद्र सिंह ने बताया कि टीम जालसाजी के एक मामले में दबिश देने गई थी और लौटते समय हादसा हुआ। दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कराई जा रही है।
बिहार के सिवान निवासी थे दारोगा संतोष कुमार
हादसे में जान गंवाने वाले दारोगा संतोष कुमा मूल रूप से सिवान (बिहार) के असांव स्थित सहसरांव गांव के निवासी थे। वर्तमान में उनकी तैनाती थाना रामगढ़ताल, जनपद गोरखपुर में थी। घटना की जानकारी मिलते ही उनके परिजन गांव से गोरखपुर के लिए रवाना हो गए हैं।

