एक थप्पड़ की रंजिश में दोस्तों ने रची खूनी साजिश, गोरखपुर में हत्याकांड का पर्दाफाश
गोरखपुर पुलिस ने प्रेम सागर यादव हत्याकांड का खुलासा किया है, जिसमें तीन माह पुरानी रंजिश और शराब पार्टी में थप्पड़ मारने का बदला लेने के लिए दोस्तों ...और पढ़ें

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी व मृतक। जागरण
HighLights
प्रेम सागर यादव हत्याकांड का पुलिस ने किया पर्दाफाश।
शराब पार्टी में थप्पड़ मारने की रंजिश में हुई हत्या।
तीन आरोपित गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त सामान बरामद।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। पुलिस ने प्रेम सागर यादव हत्याकांड का पर्दाफाश कर लिया है। तीन माह पुरानी रंजिश में वारदात हुई थी। शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद में प्रेम सागर ने अपने दोस्त को थप्पड़ मार दिया था,जिसका बदला लेने के लिए उसने साजिश रची।
योजना के तहत पहले उसे शराब पिलाई गई, फिर कार से सुनसान स्थान पर ले जाकर राड और डंडे से हमला कर मरा समझकर सड़क किनारे छोड़ दिया गया। हरपुर-बुदहट थाना पुलिस ने संतकबीरनगर जिले के रहने वाले तीनों आरोपितों को मंगलवार की सुबह गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त डंडा, राड, कार और प्रेम सागर की बाइक बरामद हुई।
एसपी उत्तरी ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि हरपुर-बुदहट थाना क्षेत्र के बैदौली गांव के टोला जंगल डिगर सूपा निवासी 30 वर्षीय प्रेमसागर यादव 18 जुलाई की शाम घर से निकले थे। अगले दिन सुबह वह बैजलपुर ग्राम पंचायत भवन के पास सड़क किनारे गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले थे।
उन्हें बीआरडी मेडिकल कालेज के नेहरु अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सोमवार को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पिता ज्ञानेंद्र यादव की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
सीसी कैमरा फुटेज,सर्विलांस की मदद ली। जांच के दौरान मिले साक्ष्य के आधार पर पुलिस ने मंगलवार की सुबह संतकबीरनगर जिले के खलीलाबाद थाना क्षेत्र के रावतपार निवासी अखिलेश यादव, अजीत कुमार यादव उर्फ सिंटू और मामतपुर कठर निवासी सुधीर यादव को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि करीब तीन माह पहले शराब पार्टी के दौरान प्रेम सागर और अजीत उर्फ सिंटू के बीच कहासुनी हो गई थी।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में परिजनों को नशीला पदार्थ खिलाकर प्रेमी संग भागी युवती बरामद, साथ रहने की जताई इच्छा
विवाद के दौरान प्रेम सागर ने सिंटू को थप्पड़ मार दिया था। उसी दिन से सिंटू और अखिलेश बदला लेने की फिराक में थे। 18 जुलाई की शाम अखिलेश ने प्रेम सागर को गिठनी चौराहे के पास बुलाया और उसे शराब पिलाई। जब वह नशे में पूरी तरह असहाय हो गया तो अपने सिंटू को फोन किया। इसके बाद सिंटू अपने साथी सुधीर के साथ कार लेकर मौके पर पहुंचा।
तीनों प्रेमसागर को कार में बैठाकर बैजलपुर-सीउवा पार मार्ग के पास सुनसान स्थान पर ले गए, जहां राड और डंडे से उसके सिर और शरीर पर कई वार किए। गंभीर रूप से घायल होने पर उसे सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए। एसपी उत्तरी ने बताया कि मंगलवार को दोपहर बाद आरोपितों को न्यायालय में पेश किया गया जहां से जेल भेज दिया गया।