गोरखपुर रेलवे में लिनेन चोरी का बड़ा खुलासा, 3 करोड़ से अधिक का नुकसान
पूर्वोत्तर रेलवे के गोरखपुर और ऐशबाग लाउंड्री से पांच साल में लगभग 3 करोड़ 73 हजार रुपये के लिनेन गायब हो चुके हैं। संसद में यह मामला उठने के बाद रेलव ...और पढ़ें

AI Image.
HighLights
पांच साल में 3 करोड़ 73 हजार के लिनेन गायब।
गोरखपुर लाउंड्री से 15.40 लाख के लिनेन चोरी।
कोच अटेंडेंटों को भुगतना पड़ रहा खामियाजा।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के गोरखपुर और ऐशबाग स्थित मैकेनाइज्ड लाउंड्री में पांच साल में लगभग 3 करोड़ 73 हजार रुपये के लिनेन (बेडरोल- बेडशीट, तौलिया, पिलो कवर और कंबल आदि) गायब हो चुके हैं। सिर्फ गोरखपुर लाउंड्री से ही छह माह में 15.40 लाख कीमत के 15,871 लिनेन गायब हो चुके हैं।
ट्रेनों के वातानुकूलित कोचों से लिनेन गायब होने का मामला संसद में उठा है। एक सांसद के सवाल पर रेलवे बोर्ड ने पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल समेत सभी मंडलों से लिनेन का हिसाब मांगा है। लखनऊ मंडल ने गोरखपुर और ऐशबाग लाउंड्री में गायब होने वाले लिनेन का हिसाब रेलवे बोर्ड को भेजा है।
लखनऊ मंडल प्रशासन के अनुसार वर्ष 2021-22 में कोविड के चलते ट्रेनों में बेडरोल की सेवा बंद थी। वर्ष 2023-24 में 1,25,23,493 रुपये, 2024-25 में 59,71,294 रुपये तथा 2025-26 में अभी तक 37,18,159 रुपये के लिनेन चोरी हुए हैं।
हालांकि, आंकड़े बता रहे हैं कि लिनेन चोरी की घटनाएं धीरे-धीरे कम हो रही है। लेकिन, अंकुश नहीं लग पा रहा। इसका खामियाजा कोच अटेंडेंटों को भुगतना पड़ रहा। रेलवे, चोरी लिनेन की रिकवरी नामित एजेंसी से तो कर लेती है, लेकिन एजेंसी वाले कोच अटेंडेंटों से रिकवरी का भुगतान कर लेते हैं।
ऐसे में अटेंडेंटों की परेशानी बढ़ती ही जा रही है। रेलवे प्रशासन भी लिनेन चोरी की घटनाओं को रोकने के प्रयास कर रहा है। अब प्रत्येक कोच में अटेंडेंट चलने लगे हैं। प्रत्येक ट्रेन में एक सुपरवाइजर स्तर का रेलकर्मी भी चल रहा है, जो लिनेन के साथ आन बोर्ड हाउसकीपिंग की सभी व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में दलाली का ऐसा खौफ: निजी अस्पताल की OPD में घुसा दलाल, डॉक्टर से मांगा कमीशन
जानकारों का कहना है कि लिनेन चोरी की घटनाएं कोच अटेंडेंट की सतर्कता और यात्रियों के अच्छे व्यवहार के बाद ही रुक सकती हैं। सूत्रों का कहना है कि रेलवे बोर्ड लिनेन चोरी और वितरण को लेकर गंभीर हुआ है। जल्द ही चोरी की घटनाओं पर पूरी अंकुश लगाने व निगरानी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
दैनिक जागरण ने कोचों से लिनेन गायब होने व कोच अटेंडेंटों की परेशानियों को मुद्दा बनाया है। 22 जुलाई के अंक में प्रथम पेज पर '15 लाख के लिनेन गायब, अटेंडेंटों ने चुकाई कीमत' शीर्षक से प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी।