Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गोरखपुर का नया सवेरा अब होगा और जगमग, ताल किनारे बढ़ेगी रोशनी

    Updated: Sun, 26 Jul 2026 10:52 AM (IST)

    गोरखपुर विकास प्राधिकरण रामगढ़ताल स्थित नया सवेरा परियोजना को बेहतर रोशनी और सुविधाओं से संवार रहा है, जिससे शाम और रात में भी पर्यटक सुरक्षित भ्रमण क ...और पढ़ें

    गोरखपुर नया सवेरा। जागरण

    गोरखपुर नया सवेरा। जागरण

    HighLights

    1. पूरे परिसर में हाई-इंटेंसिटी एलईडी लाइटें लगाई जाएंगी।

    2. दोपहिया वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध, पैदल पथ सुरक्षित।

    3. बुजुर्गों और दिव्यांगों हेतु बैटरी चालित कार्ट सुविधा।

    जागरण संवाददाता, गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) रामगढ़ताल स्थित नया सवेरा परियोजना की खूबसूरती और सुविधाओं को नई पहचान देने की तैयारी में जुट गया है। सबसे अधिक जोर पूरे परिसर को बेहतर रोशनी से जगमगाने पर है, ताकि शाम और रात के समय भी पर्यटक सुरक्षित और आकर्षक वातावरण में भ्रमण का आनंद ले सकें। दस दिनों में फेज-1 को फेज-2 से जोड़ने का कार्य पूरा होने के साथ ही पूरे मार्ग पर अत्याधुनिक हाई-इंटेंसिटी एलईडी लाइटें लगाई जाएंगी।

    जीडीए अधिकारियों के अनुसार, वाटर स्पोर्ट्स कांप्लेक्स से नया सवेरा फेज-2 के करीब 250 मीटर तक का शुरूआती हिस्सा वर्तमान में अपेक्षाकृत अंधेरे में रहता है। इस कारण पर्यटकों को आवागमन में असुविधा होती है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए वन विभाग से अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) प्राप्त होने के बाद इस हिस्से में भी आधुनिक प्रकाश व्यवस्था स्थापित की जाएगी। चूंकि यह क्षेत्र चिड़ियाघर के निकट है, इसलिए प्रकाश व्यवस्था ऐसी होगी जिससे वन्यजीवों पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।

    नई रोशनी व्यवस्था लागू होने के बाद रामगढ़ताल का पूरा किनारा रात के समय भी आकर्षक दिखाई देगा। इससे पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था भी और मजबूत होगी। पर्याप्त प्रकाश होने से परिवारों, महिलाओं और बच्चों के लिए भी यह क्षेत्र अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बनेगा।

    पर्यटकों की सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए नया सवेरा फेज-1 की सीमा पर बोलार्ड बैरियर लगाए जाएंगे। इनके माध्यम से दोपहिया वाहनों का फेज-2 में प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित किया जाएगा, जिससे पैदल भ्रमण करने वाले लोगों को निर्बाध और सुरक्षित वातावरण मिल सके। इससे दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी और पैदल पथ का स्वरूप बरकरार रहेगा।

    खबरें और भी

    इसके साथ ही फेज-2 में आने वाले पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बैटरी चालित कार्ट संचालन की भी तैयारी शुरू कर दी गई है। इसके लिए इच्छुक फर्मों से प्रस्ताव आमंत्रित किए गए हैं। कार्ट संचालन शुरू होने से बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और छोटे बच्चों के साथ आने वाले परिवारों को पूरे परिसर का भ्रमण करने में आसानी होगी।

    जीडीए उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल का मानना है कि बेहतर प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षित पैदल मार्ग और आधुनिक सुविधाओं के जुड़ने से नया सवेरा परियोजना रामगढ़ताल के सबसे आकर्षक पर्यटन स्थलों में शामिल होगी और शाम के समय इसकी रौनक पहले से कहीं अधिक बढ़ जाएगी।