गोरखपुर में सिक्योरिटी गार्ड को गोली मारकर दो लाख की लूट, पुलिस जांच में जुटी
गोरखपुर के खजनी थाना क्षेत्र में छताई पुल के पास मंगलवार रात एक सिक्योरिटी गार्ड को गोली मारकर दो लाख ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
गोरखपुर में सिक्योरिटी गार्ड को गोली मारकर लूटे 2 लाख।
खजनी के छताई पुल के पास हुई वारदात, गार्ड घायल।
पुलिस घटना को संदिग्ध मानकर कर रही गहन जांच।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। खजनी थाना क्षेत्र के छताई पुल के पास मंगलवार रात सिक्योरिटी गार्ड को गोली मारकर दो लाख रुपये लूटने का मामला सामने आया है। कंबल फैक्ट्री में काम करने वाला युवक रुपये लेकर लौट रहा था। आरोप है कि पुल के पास दो बदमाशों ने उसे रोक लिया और रुपये छीनने लगे।
विरोध करने पर एक बदमाश ने गोली चला दी। गोली बाएं तरफ सीने और कंधे के बीच लगी। घायल को पुलिस जिला अस्पताल ले गई, जहां से चिकित्सकों ने बीआरडी मेडिकल का के नेहरू अस्पताल रेफर कर दिया।
घायल सिक्योरिटी गार्ड 26 वर्षीय रोहन सिंह शाहपुर के मानस विहार कालोनी, व्यास नगर का रहने वाला है। वह खजनी क्षेत्र में स्थित कंबल फैक्ट्री में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में काम करता है। रोहन के मुताबिक, मंगलवार रात 11 बजे वह बाइक से दो लाख रुपये लेकर शहर लौट रहा था। छताई पुल के पास पहुंचते ही दो बदमाशों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि दोनों ने रुपये छीनने का प्रयास किया।
रोहन ने विरोध किया तो एक बदमाश ने उस पर गोली चला दी। गोली उसके बाएं सीने और कंधे के बीच लगी। हमले के बाद वह मौके पर ही घायल होकर गिर गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बीआरडी मेडिकल कालेज के नेहरू अस्पताल रेफर कर दिया।
एसपी दक्षिणी दिनेश कुमार पुरी ने रात में अस्पताल पहुंचकर घायल से घटना की जानकारी ली। हालांकि पुलिस फिलहाल लूट की घटना को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में पुलिस मुठभेड़, 15 हजार का इनामी हिस्ट्रीशीटर लादेन गिरफ्तार
पुलिस घायल के बयान, दो लाख रुपये से संबंधित जानकारी और घटनास्थल की परिस्थितियों का मिलान कर रही है। आसपास लगे सीसी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वास्तव में रुपये लूटने के लिए हमला किया गया था या घटना के पीछे कोई दूसरा कारण है।
