गोरखपुर की चटोरी गली के सिंह बर्गर रेस्त्रां में लगी भीषण आग, बड़ा हादसा टला
गोरखपुर की चटोरी गली स्थित सिंह बर्गर रेस्त्रां में शुक्रवार रात आग लग गई, जिससे अफरातफरी मच गई। दमकल की दो गाड़ियों ने 20 मिनट में आग पर काबू पा लिया ...और पढ़ें

रेस्त्रां में आग लगने से मची अफरातफरी। फोटो- वीडियो ग्रैब
HighLights
गोरखपुर के सिंह बर्गर रेस्त्रां में लगी आग।
दमकल ने 20 मिनट में आग पर पाया काबू।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका, जनहानि नहीं।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। शहर के बाल विहार स्थित चटोरी गली में शुक्रवार रात सिंह बर्गर रेस्त्रां में अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गई। पहली मंजिल पर स्थित दुकान से धुआं और आग की लपटें उठती देख ग्राहक और कर्मचारी जान बचाकर बाहर निकल आए। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से बड़ा हादसा टल गया।
रात करीब 8:52 बजे रेस्त्रां की पहली मंजिल से अचानक धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। उस समय दुकान में मौजूद लोग घबराकर बाहर भागे। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
मौके पर पहुंची दमकल कर्मियों ने तेजी से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और करीब 20 मिनट में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। हालांकि तब तक रेस्त्रां में रखा खाने-पीने का सामान और अन्य सामग्री जलकर नष्ट हो चुकी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग शार्ट सर्किट से लगने की आशंका है।
आग की लपटों और गर्मी के कारण बगल की दो दुकानों को भी आंशिक नुकसान पहुंचा है। कैंट थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी जुटाई।
यह भी पढ़ें- महराजगंज में दागी पुलिसकर्मियों की सूची जारी होते ही मचा बवाल, आधे घंटे में हुई डिलीट
एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि समय पर सूचना मिलने और दमकल टीम के तत्काल पहुंचने से आग को फैलने से रोक लिया गया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।