Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गोरखपुर में पराली में आग लगने से तीन स्कूली बच्चों समेत पांच झुलसे, एक की हालत गंभीर

    Updated: Tue, 21 Apr 2026 08:16 PM (IST)

    गोरखपुर के कुसम्ही बाजार में पराली में लगी आग ने भीषण रूप ले लिया, जिससे रामूडीहा गांव में स्कूल से लौट रहे तीन बच्चों समेत पांच लोग झुलस गए। तेज हवा ...और पढ़ें

    पराली में लगी आग लगने से तीन स्कूली बच्चों समेत पांच झुलसे।

    पराली में लगी आग लगने से तीन स्कूली बच्चों समेत पांच झुलसे।

    HighLights

    1. गोरखपुर में पराली की आग से पांच लोग झुलसे।

    2. तीन स्कूली बच्चे और दो युवक आग की चपेट में आए।

    3. एक युवक की हालत गंभीर, अस्पताल में भर्ती।

    संवाद सूत्र, कुसम्ही बाजार (गोरखपुर)। पराली में लगी आग ने भीषण रूप ले लिया। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैल गई, जिससे रामूडीहा गांव में स्कूल से लौट रहे तीन बच्चों समेत पांच लोग झुलस गए। बीआरडी मेडिकल कालेज के नेहरु अस्पताल में भर्ती युवक की हालत गंभीर है।

    पिपराइच के विधायक महेंद्र पाल सिंह, जिलाधिकारी दीपक मीणा व एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने अस्पताल पहुंच घायलों का हाल जाना। घटना में एक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया।

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब एक बजे बसडीला रौसढ़ गांव की तरफ से गेहूं की पराली में आग लगी। तेज पछुआ हवा के कारण आग बहुत तेजी से रामुडीहा गांव में पहुंच गई।

    इसी समय एक निजी स्कूल में पढ़ने वाली 12 वर्षीय काजल, नौ वर्षीय शिवांगी, सात वर्षीय आयुष और 19 वर्षीय रामू यादव आग की चपेट में आ गए। बच्चों के रोने की आवाज सुनकर उधर से गुजर रहे 25 वर्षीय दिलीप ने आग में फंसे बच्चों को बचाने का पूरा प्रयास किया। इस दौरान वह खुद भी गंभीर रूप से झुलस गया। स्थानीय लोगों की मदद से सभी बाहर निकाला गया।

    सूचना मिलते ही सोनबरसा चौकी प्रभारी पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से सभी को जिला अस्पताल भिजवाया। बीआरडी मेडिकल कालेज के नेहरु अस्पताल मे भर्ती रामू यादव की हालत गंभीर बनी हुई है। अन्य की स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

    खबरें और भी

    पराली में आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने बताया मामले की जांच चल रही है। दोषियों पर कार्रवाई होगी।