विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर के शिक्षक नवीन त्रिपाठी को राज्य पुरस्कार, आठ साल की मेहनत से बदली विद्यालय की तस्वीर

Updated: Mon, 31 Aug 2026 05:48 PM (IST)

पीएमश्री कंपोजिट विद्यालय उनवल के शिक्षक नवीन त्रिपाठी को उत्तर प्रदेश राज्य शिक्षक पुरस्कार 2025 के लिए चुना गया है। ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. शिक्षक नवीन त्रिपाठी को राज्य शिक्षक पुरस्कार 2025 मिला।

  2. विद्यालय में छात्रसंख्या 125 से बढ़कर 344 तक पहुंची।

  3. गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से छात्रों ने छात्रवृत्ति परीक्षा पास की।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। कभी 125 विद्यार्थियों तक सिमटा रहने वाला पीएमश्री कंपोजिट विद्यालय उनवल आज 344 बच्चों की चहल-पहल से गुलजार है। इस बदलाव के पीछे शिक्षकों की मेहनत, अभिभावकों से सतत संवाद और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की मजबूत पहल रही।

विद्यालय की इस बदली तस्वीर में उल्लेखनीय भूमिका निभाने वाले सहायक अध्यापक नवीन त्रिपाठी को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए उत्तर प्रदेश राज्य शिक्षक पुरस्कार 2025 के लिए चयनित किया गया है।

2018 में विद्यालय में कार्यभार ग्रहण करने के समय नवीन त्रिपाठी के सामने छात्रसंख्या बढ़ाने और अभिभावकों का भरोसा जीतने की चुनौती थी।

उन्होंने केवल कक्षा में पढ़ाने तक अपनी जिम्मेदारी सीमित नहीं रखी, बल्कि अभिभावकों से लगातार संपर्क कर उन्हें बच्चों के नियमित नामांकन और विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित किया।सहयोगी शिक्षकों के साथ मिलकर किए गए प्रयासों का परिणाम यह रहा कि विद्यालय की छात्रसंख्या 125 से बढ़कर वर्तमान में 344 पहुंच गई।

जागरण से बातचीत में शिक्षक नवीन बताते हैं कि विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण को प्राथमिकता देते हुए बच्चों की शैक्षिक जरूरतों पर विशेष ध्यान दिया गया।

पढ़ाई को बेहतर बनाने के साथ प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए भी तैयार किया गया। जिसका परिणाम रहा कि करीब एक दर्जन से अधिक विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा में सफलता हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया।

यह उपलब्धि केवल एक शिक्षक के सम्मान की कहानी नहीं है, बल्कि इस बात का उदाहरण भी है कि शिक्षक यदि कक्षा के साथ समाज और अभिभावकों से निरंतर जुड़कर काम करे तो एक सरकारी विद्यालय की तस्वीर और बच्चों का भविष्य दोनों बदले जा सकते हैं।

शिक्षा के प्रति समर्पण, विद्यालय की छात्रसंख्या में उल्लेखनीय वृद्धि और विद्यार्थियों को प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं के लिए तैयार करने जैसे प्रयासों ने नवीन को राज्य स्तर पर विशिष्ट पहचान दिलाई है। उत्तर प्रदेश राज्य शिक्षक पुरस्कार 2025 के लिए उनके चयन से विद्यालय परिवार, विद्यार्थियों, अभिभावकों और क्षेत्र के लोगों में खुशी है।

यह भी पढ़ें- UP का प्राथमिक स्कूल बना अखाड़ा, औरैया में अटेंडेंस के लिए महिला शिक्षामित्र व सहायक अध्यापक में जमकर मारपीट