लड़की टंकी पर चढ़ी फिर पैर लटकाकर बैठ गई, लोगों की पड़ी नजर तो मची खलबली, फिर महिला दारोगा ने दिखाई सूझबूझ
गोरखपुर में मां की डांट से नाराज 15 वर्षीय किशोरी महादेव झारखंडी कॉलोनी की पानी की टंकी पर चढ़ गई। ...और पढ़ें

HighLights
मां की डांट से नाराज किशोरी टंकी पर चढ़ी।
तीन घंटे बाद महिला दारोगा ने सुरक्षित उतारा।
फोन पर बात करने को लेकर मां ने डांटा था।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। महादेव झारखंडी कालोनी में रविवार दोपहर मां की डांट से नाराज 15 वर्षीय किशोरी पानी की टंकी पर चढ़ गई। वह टंकी से पैर लटकाकर बैठी रही तो नीचे लोगों की भीड़ जुट गई।
अनहोनी की आशंका में सूचना पुलिस को दी गई। एम्स पुलिस ने काफी देर तक किशोरी को समझाकर नीचे उतारने का प्रयास किया, लेकिन वह तैयार नहीं हुई। करीब तीन घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद महिला दारोगा जागृति खरवार ने जोखिम उठाते हुए किशोरी को सुरक्षित नीचे उतारा।
यह है पूरा मामला
आवास विकास शिवपुर निवासी 15 वर्षीय किशोरी रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे महादेव झारखंडी कालोनी स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गई। स्थानीय लोगों ने उसे टंकी पर बैठे देखा तो नीचे आने के लिए कहा, लेकिन उसने उनकी बात नहीं मानी। किशोरी टंकी से पैर लटकाकर बैठ गई। यह देखकर लोगों को किसी अनहोनी की आशंका हुई और पुलिस को सूचना दी गई।

थाना प्रभारी ने किशोरी से बातचीत शुरू की और उसे नीचे आने के लिए समझाते रहे। काफी देर तक समझाने के बाद भी वह टंकी से नीचे उतरने को तैयार नहीं हुई। नीचे बड़ी संख्या में लोग जमा थे और सभी की नजर किशोरी पर टिकी थी।
अनहोनी की आशंका में टंकी के नीचे गद्दा बिछा दिया गया। इस बीच महिला दारोगा जागृति खरवार बातचीत के बहाने टंकी पर चढी। किशोरी को विश्वास में लेने के लिए उससे बातचीत करती रही कि वह परेशान न हो पुलिस उसके साथ है, परिवार के लोगों को समझाया जाएगा। पास में पहुंचते ही किशोरी का हाथ पकड़ लिया और नीचे मौजूद पुलिसकर्मियों की मदद से किशोरी को सुरक्षित नीचे उतारा।

एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि किशोरी से टंकी पर चढ़ने का कारण पूछा गया। उसने बताया कि वह फोन पर एक लड़के से बात करती थी। इसी बात को लेकर मां ने उसे डांट दिया था। मां की डांट से नाराज होकर वह पानी की टंकी पर चढ़ गई थी। नीचे उतारने के बाद पुलिस ने उसे एम्स में उपचार के लिए भर्ती कराया। देर शाम स्वजन के साथ घर भेज दिया गया।
