गोरखपुर विश्वविद्यालय के दीक्षा समारोह में 74481 विद्यार्थियों को मिलेगी उपाधि, नीति आयोग के सदस्य होंगे मुख्य अतिथि
दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय का 45वां दीक्षा समारोह 6 अगस्त को आयोजित होगा, जिसमें राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और नीति आयोग के सदस्य प्रो.वीके सा ...और पढ़ें

दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय। जागरण
HighLights
45वां दीक्षा समारोह 6 अगस्त को, राज्यपाल करेंगी अध्यक्षता।
74,481 विद्यार्थियों को उपाधियां, 410 शोधार्थियों को पीएचडी।
छात्राओं का उत्कृष्ट प्रदर्शन, सर्वाधिक पदक और उपाधियां।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय का 45वां दीक्षा समारोह छह अगस्त को आयोजित होगा। समारोह की अध्यक्षता राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल करेंगी, जबकि नीति आयोग के सदस्य प्रो.वीके सारस्वत मुख्य अतिथि होंगे। इस बार विश्वविद्यालय और संबद्ध महाविद्यालयों के कुल 74,481 विद्यार्थियों को स्नातक एवं स्नातकोत्तर उपाधियां प्रदान की जाएंगी। साथ ही 73 मेधावी विद्यार्थियों को विभिन्न पदकों से सम्मानित किया जाएगा तथा 410 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि दी जाएगी।
कुलपति अध्यक्षता में बुधवार को आयोजित परीक्षा समिति की बैठक में दीक्षा समारोह में स्वर्ण पदक एवं अन्य पदकों से सम्मानित किए जाने वाले मेधावी विद्यार्थियों के नामों पर अंतिम मुहर लगा दी गई। बैठक में समारोह की तैयारियों और पुरस्कार वितरण संबंधी औपचारिकताओं की भी समीक्षा की गई। दीक्षा समारोह में उपाधि प्राप्त करने वाले 74,481 विद्यार्थियों में 51,193 छात्राएं (68.73 प्रतिशत) और 23,288 छात्र (31.27 प्रतिशत) शामिल हैं। आंकड़े उच्च शिक्षा में छात्राओं की बढ़ती भागीदारी और उत्कृष्ट प्रदर्शन को रेखांकित करते हैं।
इस वर्ष विभिन्न पदकों के लिए चयनित 73 मेधावियों में 56 छात्राएं (76.71 प्रतिशत) और 17 छात्र (23.29 प्रतिशत) हैं। विश्वविद्यालय के 71 स्वर्ण पदकों में से 56 (78.87 प्रतिशत) छात्राओं और 15 (21.13 प्रतिशत) छात्रों को मिलेंगे। वहीं 87 डोनर पदकों में 80 (91.95 प्रतिशत) छात्राओं तथा 7 (8.05 प्रतिशत) छात्रों को सम्मानित किया जाएगा, जिससे एक बार फिर छात्राओं का शानदार प्रदर्शन सामने आया है।
यह भी पढ़ें- थिएटर में करिअर का नया विकल्प, गोरखपुर विश्वविद्यालय ने शुरू किया डिप्लोमा कोर्स
समारोह में 410 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि भी प्रदान की जाएगी। इनमें 197 छात्राएं (48 प्रतिशत) तथा 213 छात्र (52 प्रतिशत) शामिल हैं। संकायवार देखें तो कला संकाय सबसे आगे है, जहां 230 शोधार्थियों को पीएचडी प्रदान की जाएगी। इनमें 122 छात्राएं और 108 छात्र हैं। इसके अलावा विज्ञान संकाय से 108, शिक्षा संकाय से 26, वाणिज्य संकाय से 19, विधि संकाय से 19 तथा कृषि संकाय से 8 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि प्रदान की जाएगी।
खबरें और भी
दीक्षा समारोह विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों और उत्कृष्टता का उत्सव है। हमें प्रसन्नता है कि इस वर्ष भी विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं ने उल्लेखनीय सफलता अर्जित की है। मुझे विश्वास है उपाधि और पदक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी राष्ट्र और समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। यह आयोजन केवल विद्यार्थियों की उपलब्धियों का सम्मान नहीं होगा, बल्कि विश्वविद्यालय की उत्कृष्ट शैक्षणिक परंपरा, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और अनुसंधान के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का भी प्रतीक बनेगा।
-प्रो.पूनम टंडन, कुलपति, गोवि