गोरखपुर विश्वविद्यालय में पीएचडी प्रवेश परिणाम इसी सप्ताह, सीट आवंटन की प्रक्रिया जल्द
दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में सत्र 2025-26 के पीएचडी प्रवेश परिणाम इसी सप्ताह जारी होने की संभावना है। साक्षात्कार प्रक्रिया पूरी होने के ...और पढ़ें

दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय। जागरण
HighLights
पीएचडी प्रवेश परिणाम इसी सप्ताह संभावित।
साक्षात्कार प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है।
कुल 1011 सीटों पर होगा प्रवेश।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में सत्र 2025-26 के पीएचडी प्रवेश का परिणाम इसी सप्ताह जारी होने की संभावना है। विश्वविद्यालय के अधिकांश विभागों में साक्षात्कार की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अब परिणाम घोषित करने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। परिणाम जारी होने के बाद विभागवार मेरिट सूची प्रकाशित की जाएगी, जिसके आधार पर सीट आवंटन की प्रक्रिया शुरू होगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, पीएचडी में प्रवेश के लिए फरवरी माह में आवेदन आमंत्रित किए गए थे, जबकि 27 व 28 मार्च को शोध पात्रता परीक्षा (रेट) आयोजित की गई थी। कुल 46 विषयों में लगभग 1011 सीटों पर प्रवेश होना है। इनमें नियमित पाठ्यक्रम की 866, पार्ट टाइम की 55 और स्ववित्तपोषित की 90 सीटें शामिल हैं। रेट परीक्षा के माध्यम से कुल 1339 अभ्यर्थी साक्षात्कार के लिए अर्ह घोषित किए गए थे।
साक्षात्कार प्रक्रिया 20 अप्रैल से शुरू हुई थी और अधिकांश विभागों ने इसे पूर्ण कर लिया है। हालांकि, दो से तीन विभागों द्वारा अभी तक साक्षात्कार के अंक उपलब्ध नहीं कराए गए हैं, जिसके कारण परिणाम जारी होने में हल्की देरी हो रही है। संबंधित विभागों को शीघ्र प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में पश्चिमी विक्षोभ का असर, 10 मई तक सुहावना रहेगा मौसम, गर्मी से मिलेगी राहत
मार्च में हुई थी शोध पात्रता परीक्षा
विश्वविद्यालय में शोध पात्रता परीक्षा मार्च में आयोजित हुई थी। जिसमें विभिन्न विभागों के लिए अथ्यर्थी शामिल हुए थे। इनमें से साक्षात्कार के लिए 1339 अभ्यर्थी अर्ह हुए थे।
परिणाम इसी सप्ताह जारी करने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। परिणाम जारी होते ही विभागों की ओर से मेरिट लिस्ट जारी कर सीट आवंटन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
-प्रो. हर्ष कुमार सिन्हा, निदेशक, प्रवेश प्रकोष्ठ, गोवि