गोरखपुर यूनिवर्सिटी के सामने बनेगा वेंडिंग जोन और पार्किंग, वाहन चालकों और दुकानदारों को मिलेगा लाभ
गोरखपुर विश्वविद्यालय के मुख्य प्रवेश मार्ग पर बन रही स्मार्ट सड़क अब वेंडिंग जोन, पार्किंग और हरित पट्टी के साथ विकसित होगी। इस नई योजना से यातायात स ...और पढ़ें

इस तरह का बनेगा वेंडिंग जोन।
HighLights
गोरखपुर यूनिवर्सिटी रोड पर बनेगा सुव्यवस्थित वेंडिंग जोन।
वाहन चालकों के लिए पार्किंग की सुविधा उपलब्ध होगी।
सड़क किनारे हरित पट्टी का विकास किया जाएगा।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। गोरखपुर विश्वविद्यालय के मुख्य प्रवेश मार्ग के सामने बन रही स्मार्ट सड़क अब केवल आधुनिक सड़क तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इसके किनारे सुव्यवस्थित वेंडिंग जोन, पार्किंग और हरित पट्टी भी विकसित की जाएगी। नगर निगम ने सड़क को अधिक व्यवस्थित, आकर्षक और यातायात के अनुकूल बनाने के लिए यह नई योजना तैयार की है। इस पर करीब 45 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
पूरी परियोजना की लागत लगभग आठ करोड़ रुपये है और नगर निगम का लक्ष्य अगले महीने तक करीब 800 मीटर लंबी सड़क को पूरी तरह तैयार कर आमजन के लिए समर्पित करना है। गोरखपुर विश्वविद्यालय के सामने की यह सड़क स्मार्ट सिटी योजना के तहत विकसित की जा रही है। सड़क का निर्माण कार्य काफी समय से चल रहा है।
निर्माण के दौरान कई चरणों में ड्रेनेज, फुटपाथ, भूमिगत उपयोगिताओं और अन्य आधारभूत सुविधाओं का कार्य किया गया, जिसके कारण इस मार्ग पर लंबे समय तक यातायात प्रभावित रहा। अब सड़क का निर्माण अंतिम चरण में पहुंच गया है और इसके साथ ही आसपास के क्षेत्र को भी व्यवस्थित करने की तैयारी शुरू कर दी गई है।
नगर निगम के अवर अभियंता अवनीश भारती ने बताया कि योजना के अनुसार पंत पार्क गेट के उत्तर दिशा में वाहनों के लिए पार्किंग विकसित की जाएगी। इससे विश्वविद्यालय आने वाले विद्यार्थियों, शिक्षकों और अन्य लोगों को वाहन खड़े करने की सुविधा मिलेगी। वर्तमान में सड़क किनारे अनियमित पार्किंग के कारण अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। पार्किंग बनने से इस समस्या में काफी कमी आने की उम्मीद है।
खबरें और भी
वहीं, पंत पार्क गेट के दक्षिण दिशा में वेंडिंग जोन विकसित किया जाएगा। यहां पटरी दुकानदारों को व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराया जाएगा ताकि वे सड़क पर अतिक्रमण किए बिना अपना कारोबार कर सकें। इससे एक ओर फुटपाथ और सड़क खाली रहेंगे तो दूसरी ओर छोटे कारोबारियों को भी स्थायी और सुरक्षित स्थान मिलेगा। नगर निगम का मानना है कि वेंडिंग जोन बनने से यातायात व्यवस्था अधिक सुचारु होगी और सड़क की उपयोगिता बढ़ेगी।
परियोजना के तहत सड़क के सामने हरित पट्टी भी विकसित की जाएगी। इसके लिए पौधारोपण और सौंदर्यीकरण का कार्य कराया जाएगा, जिससे विश्वविद्यालय के सामने का पूरा क्षेत्र अधिक आकर्षक दिखाई देगा। हरित क्षेत्र विकसित होने से पर्यावरण संरक्षण के साथ सड़क का दृश्य भी बेहतर होगा।
नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार पार्किंग, वेंडिंग जोन और हरित पट्टी के निर्माण पर करीब 45 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। इन सभी कार्यों को स्मार्ट सड़क परियोजना के साथ ही पूरा किया जाएगा ताकि सड़क शुरू होने के समय सभी सुविधाएं एक साथ उपलब्ध हो सकें।
परियोजना पूरी होने के बाद गोरखपुर विश्वविद्यालय के सामने का क्षेत्र शहर के आधुनिक और सुव्यवस्थित मार्गों में शामिल होगा। इससे विद्यार्थियों, स्थानीय नागरिकों, वाहन चालकों और रेहड़ी-पटरी दुकानदारों सभी को लाभ मिलेगा। साथ ही शहर के इस महत्वपूर्ण मार्ग की यातायात व्यवस्था पहले की तुलना में अधिक सुगम और सुरक्षित हो सकेगी। -अमित शर्मा, मुख्य अभियंता, नगर निगम।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में ग्रीन सिटी रोड के चौड़ीकरण कार्य पूरा, 28 जुलाई को सीएम योगी करेंगे लोकार्पण