गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर विजिलेंस का छापा, कुशीनगर एक्सप्रेस से पकड़ीं हजारों की अवैध पानी की बोतलें
विजिलेंस टीम ने गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर कुशीनगर एक्सप्रेस में छापा मारकर 32,640 रुपये की अवैध पानी की बोतलें जब्त कीं। इस दौरान वेंडरों में हड़कंप मच ...और पढ़ें

प्लेटफार्म नंबर सात पर ठेले पर रखी गईं बिक्री के लिए प्रतिबंधित पानी की बोतलें। जागरण
HighLights
विजिलेंस ने कुशीनगर एक्सप्रेस से 32,640 रुपये की अवैध बोतलें जब्त कीं।
छापेमारी के दौरान वेंडर भागे, कुछ को आरपीएफ को सौंपा गया।
रेलवे स्टेशन पर करोड़ों का पानी का अवैध कारोबार फैला है।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। विजिलेंस टीम ने रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर सात पर खड़ी 22537 नंबर की कुशीनगर एक्सप्रेस में छापेमारी कर 32,640 रुपये कीमत की लोकल ब्रांड वाली पानी की 1632 बोतलें व दो ठेला जब्त की है। छापेमारी के दौरान ट्रेन में हड़कंप मच गया।
वेंडर इधर-उधर भागने लगे। विजिलेंस टीम ने रेलवे सुरक्षा बल के सहयोग से पानी की बोतलों के अलावा ठेला व आटो चालकों को पकड़ लिया। जब्त पानी और पकड़े गए चालकों के खिलाफ कार्रवाई के लिए आरपीएफ पोस्ट को सौंप दिया है।
पूर्वोत्तर रेलवे के वरिष्ठ उप महाप्रबंधक के निर्देश पर मुख्य सतर्कता निरीक्षक मनोज कुमार शुक्ला, रणधीर प्रताप मल्ल, अनूप सिंह और अभय कुमार सिंह की टीम ने शुक्रवार को शाम पांच बजे के आसपास कुशीनगर एक्सप्रेस में छापेमारी की। इस दौरान ट्रेन में बिक्री के लिए प्रतिबंधित पानी की बोतलों को कोच बी वन के लिनन बाक्स में लोड किया जा रहा था।
प्लेटफार्म पर ही दो ठेला लगे थे, जिससे पानी की बोतलें उतारकर कोच में रखा जा रहा था। विजिलेंस ने जब पूछताछ शुरू की तो पानी लोड करने वाले वेंडर भागने लगे। सूचना पर रेलवे सुरक्षा बल की टीम भी मौके पर पहुंच गई।
खबरें और भी

जब्त की गई प्रतिबंधित पानी की बोतलों के साथ विजिलेंस की टीम। जागरण
दरअसल, लगातार कार्रवाइयों के बाद भी रेलवे स्टेशन पर पानी का अवैध कारोबार रुकने का नाम नहीं ले रहा है। वेंडर ट्रेनों में धड़ल्ले से लोकल ब्रांड वाली पानी की बोतलें बेच रहे हैं। वेंडर अधिक कमाई के चक्कर में 14 रुपये वाले 'रेल नीर' की जगह 20 रुपये में लोकल ब्रांड पानी की बोतलें बेच रहे हैं। यह तब है जब गोरखपुर और यहां से बनकर चलने वाली तथा गोरखपुर रूट पर 'रेल नीर' की बिक्री अनिवार्य है।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में नशे की ओवरडोज से युवक की मौत, परिवार में पसरा मातम
रेलवे स्टेशन पर फैला है करोड़ों का पानी का अवैध कारोबार
रेलवे स्टेशन पर पानी के करोड़ों का अवैध कारोबार फैला है। कारोबारी के रैकेट में अवैध वेंडर ही नहीं, पेंट्रीकार के मैनेजर, आइआरसीटीसी के वेंडर, सुरक्षाकर्मी और रेलकर्मी भी शामिल हैं, जिनके सहयोग से ट्रेनों में अनधिकृत रूप से लोकल ब्रांड वाली पानी की बोतलें बिक रही हैं। अवैध कारोबारी लोकल ब्रांड की पानी की बोतलें एजेंसी से पीकअप व ठेले पर रखकर उत्तरी द्वार होते हुए प्लेटफार्म नंबर नौ पर पहुंचा देते हैं।
कारोबार में शामिल अवैध वेंडर उत्तरी द्वार पर खड़े ठेलों पर रखी गई पानी की बोतलें अन्य सभी प्लेटफार्मों पर पहुंचा देते हैं। गोरखपुर से बनकर चलने वाली गोरखधाम समेत बिहार से पहुंचने वाली ट्रेनों में अवैध वेंडर, आइआरसीटीसी के वेंडरों के सहयोग से ट्रेनों के विभिन्न कोचों में पानी की बोतलें रख देते हैं। इनकी निगरानी में लगे संबंधित अधिकारी, सुपरवाजर्स, सुरक्षा बल व रेलकर्मी आंख मूंदे रहते हैं।