Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    Gorakhpur Weather Update: हल्की वर्षा के आसार, उमस रहेगी बरकरार

    Updated: Thu, 04 Jun 2026 07:58 AM (IST)

    गोरखपुर में बुधवार को हुई हल्की बारिश से गर्मी से राहत नहीं मिली, बल्कि उमस बढ़ गई। मौसम विभाग ने गुरुवार को भी हल्की वर्षा की संभावना जताई है, लेकिन ...और पढ़ें

    दोपहर बाद हुई झमाझम वर्षा,गर्मी से मिली राहत। जागरण

    दोपहर बाद हुई झमाझम वर्षा,गर्मी से मिली राहत। जागरण

    HighLights

    1. बुधवार को गोरखपुर में हुई हल्की वर्षा।

    2. बारिश के बाद उमस में हुई बढ़ोतरी।

    3. बड़ी राहत के लिए मानसून का इंतजार।

    जागरण संवाददाता, गोरखपुर। भीषण गर्मी से राहत की आस लगाए लोगों को बुधवार को हुई हल्की वर्षा ने निराश कर दिया। कुछ देर की फुहारों के बाद वातावरण में नमी बढ़ गई और उमस पहले से अधिक महसूस होने लगी। दिनभर लोग पसीने से तर-बतर रहे।

    हालांकि शाम को सूर्यास्त के बाद चली हल्की हवा से मौसम कुछ सुहावना हुआ, लेकिन अपेक्षित राहत नहीं मिल सकी। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि गुरुवार को भी कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा के आसार हैं।

    बुधवार को अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक है। आर्द्रता का अधिकतम स्तर 72 प्रतिशत तथा न्यूनतम 38 प्रतिशत रिकार्ड किया गया।

    दोपहर बाद अचानक मौसम ने करवट ली। अपराह्न सवा दो बजे के आसपास सिविल लाइंस क्षेत्र में वर्षा शुरू हुई, जबकि शाम चार बजे के बाद शहर के कुछ हिस्सों में भी हल्की फुहारें पड़ीं।

    वर्षा की वजह से तापमान में अपेक्षित गिरावट नहीं आई, बल्कि नमी बढ़ने से उमसभरी गर्मी और अधिक परेशान करने लगी। बाजारों, कार्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर लोगों को गर्मी से जूझना पड़ा।

    यह भी पढ़ें- गोरखपुर में धार्मिक स्थल पर तोड़फोड़ और चोरी से तनाव, ग्रामीणों में भारी आक्रोश

    मौसम विज्ञानी टीबी सिंह ने बताया कि जिले में कुल 3.4 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर वायुदाब का क्षेत्र बनने के कारण मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। गुरुवार को भी जिले के कुछ क्षेत्रों में हल्की वर्षा या बूंदाबांदी होने की संभावना है।

    विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून पूर्व की इस स्थिति में हल्की वर्षा के बाद उमस बढ़ना सामान्य है। ऐसे में अगले कुछ दिनों तक लोगों को गर्मी और उमस दोनों का सामना करना पड़ सकता है। गर्मी से बड़ी राहत के लिए मानसून का इंतजार करना पड़ेगा।

    खबरें और भी