गोरखपुर में मौसम का बदला मिजाज, वर्षा से फरवरी जैसी ठंडक; आज भी बरसेंगे बादल
गोरखपुर में मई के आखिरी दिनों में मौसम ने करवट ली, शुक्रवार को चार घंटे तक हुई रिमझिम वर्षा से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। पश्चिमी विक्षोभ के क ...और पढ़ें
-1780105457988_m.webp)
चार घंटे तक चली रिमझिम वर्षा ने शहर को भिगोया। जागरण
HighLights
गोरखपुर में शुक्रवार को चार घंटे तक हुई रिमझिम वर्षा।
अधिकतम तापमान 6 डिग्री गिरकर 29.6 डिग्री सेल्सियस पहुंचा।
शनिवार को भी गरज-चमक के साथ वर्षा की संभावना है।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। मई के आखिरी दिनों में मौसम ने ऐसा मिजाज बदला कि लोगों को एक बार फिर फरवरी जैसी ठंडक महसूस होने लगी। शुक्रवार की सुबह आसमान पर बादलों ने स्थायी डेरा डाल दिया और देखते ही देखते गरज-चमक के साथ रिमझिम वर्षा शुरू हो गई और चार घंटे तक शहर को भिगोती रही।
सुबह नौ बजे तक वर्षा तो थम गई लेकिन बादलों की आवाजाही पूरे दिन बनी रही। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को भी आसमान में बादल जमे रहेंगे। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ वर्षा हो सकती है। मौसम का बदलाव पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते देखने को मिल रहा है।
मौसम विभाग के मानक पर शुक्रवार को छह मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। मौसम के इस बदलाव का सबसे बड़ा असर तापमान पर दिखा। अधिकतम तापमान बीते दिन के मुकाबले छह डिग्री सेल्सियस गिरकर 29.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी चार डिग्री लुढ़ककर 20.6 डिग्री सेल्सियस पर आ गया।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर के ताल कंदला में बनेगा अत्याधुनिक एक्वा पार्क, पूर्वांचल के मत्स्य कारोबार को मिलेगी नई उड़ान
सामान्य से अधिकतम तापमान आठ और न्यूनतम तापमान चार डिग्री कम रहने के कारण पूरे दिन लोगों को ठंडक का अहसास होता रहा। हालांकि बीच-बीच में धूप भी निकली, लेकिन बादलों की मौजूदगी के आगे उसकी तपिश फीकी पड़ गई।
खबरें और भी
हवा में नमी का स्तर 65 से 96 प्रतिशत तक पहुंचने से मौसम और भी सुहाना बना रहा। मौसम विभाग ने शनिवार को कहीं बूंदाबांदी तो कहीं हल्की वर्षा के चलते अधिकतम तापमान 30 से 32 और न्यूनतम 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना जताई गई है।