बाबाधाम गए गोरखपुर के युवक का पोखरे में मिला शव, परिवार ने चारफाटक ओवरब्रिज पर लगाया जाम
गोरखपुर के 27 वर्षीय युवक बजरंगी की बाबाधाम यात्रा के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिसके बाद परिवार ने हत्या का आरोप लगाते हुए चारफाटक ओव ...और पढ़ें

बिछिया में सड़क पर शव रखकर परिजनों द्वारा रास्ता जाम। परिजनों से वार्ता करती पुलिस। जागरण
HighLights
गोरखपुर के युवक बजरंगी की बाबाधाम में संदिग्ध मौत।
परिवार ने हत्या का आरोप लगा चारफाटक ओवरब्रिज पर जाम लगाया।
पुलिस ने जांच का भरोसा देकर एक घंटे बाद जाम खुलवाया।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। बाबाधाम दर्शन के लिए गए गोरखपुर के 27 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत के बाद शनिवार को शहर में आक्रोश भड़क उठा। परिवार के लोगों ने सुबह 7:30 बजे चार फाटक ओवरब्रिज के पास शव रख जाम लगा दिया।
परिवार का आरोप है कि युवक की हत्या हुई है। सूचना पर शाहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, मामले की जांच कराने और परिवार की माद करने का भरोसा देकर एक घंटे बाद जाम खत्म कराया। जिसके बाद आवागमन शुरू हुआ।
बिछिया जंगल तुलसीराम के मल्लाह टोला निवासी बजरंगी की शादी करीब 15 महीने पहले हुई थी। उसकी पत्नी पांच महीने की गर्भवती है। तीन अगस्त को वह मोहल्ले के कुछ लोगों के साथ बाबाधाम (देवघर) जाने के लिए निकला था। साथ गए लोगों के मुताबिक, यात्रा के दौरान वे लोग आगे निकल गए और बजरंगी पीछे रह गया। इसके बाद से उसकी तलाश की जा रही थी।

छह अगस्त को कटोरिया थाना क्षेत्र में एक सुनसान स्थान पर पुलिस को बजरंगी का शव मिला। शव मिलने की सूचना के बाद उसके साथ गए लोगों और परिवार में हड़कंप मच गया। परिजनों को आशंका है कि बजरंगी की हत्या करने के बाद शव को वहां फेंका गया। हालांकि अभी हत्या के कारण और वारदात की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
खबरें और भी

मृतक बजरंगी निषाद की फाइल फोटो। जागरण
शुक्रवार की शाम शव घर पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से मोहल्ले के लोगों में भी आक्रोश है। प्रदर्शन के दौरान पत्नी ने कहा कि जब तक उसे न्याय नहीं मिलेगा, वह मौके से नहीं हटेगी। परिजनों ने आरोपितों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
बताया जा रहा है कि बजरंगी के साथ बाबाधाम गए उसके कुछ साथी भी घटना के बाद घर पर नहीं हैं। इसको लेकर परिजनों और स्थानीय लोगों की चिंता और बढ़ गई है। घटना देवघर जिले में हुई है और वहां की पुलिस मामले की जांच कर रही है। सीओ गोरखनाथ रवि कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी।