गोरखपुर का चिलुआताल बनेगा वाटर स्पोर्ट्स का नया केंद्र, सीएम योगी ने किया लोकार्पण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में चिलुआताल पर्यटन विकास का लोकार्पण किया, इसे रामगढ़ताल की तर्ज पर ईको टूरिज्म और वाटर स्पोर्ट्स केंद्र बनाने ...और पढ़ें

चिलुआताल के पर्यटन विकास एवं सौन्दर्यीकरण के लोकार्पण के बाद अवलोकन करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। जागरण
HighLights
चिलुआताल बनेगा रामगढ़ताल की तर्ज पर ईको टूरिज्म केंद्र।
मुख्यमंत्री योगी ने वाटर स्पोर्ट्स की असीम संभावनाओं पर दिया जोर।
गोरखपुर को स्वच्छ, स्मार्ट और सस्टेनेबल शहर बनाने का लक्ष्य।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। शहर के उत्तरी छोर पर मौजूद प्राकृतिक झील चिलुआताल का पर्यटन विकास देख मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ काफी उत्साहित दिखे। 20 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निखारे गए इस पर्यटन स्थल को जनता को समर्पित करने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि चिलुआताल पर्यटन विकास परियोजना के अगले चरणों में इस ताल को रामगढ़ताल की तर्ज पर ईको टूरिज्म और वाटर स्पोर्ट्स के बेहतरीन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। क्योंकि रामगढ़ताल की तरह ही चिलुआताल में भी वाटर स्पोर्ट्स की असीम संभावनाएं हैं।
पिछले दिनों रामगढ़ताल में नेशनल जूनियर रोइंग चैंपियनशिप के आयोजन की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उसमें 22 राज्यों के 200 से अधिक खिलाड़ी आए। सबने रामगढ़ताल की खूब सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब जब लोग चिलुआताल को देखेंगे तो यह और भी अच्छा लगेगा। उन्होंने चिलुआताल के प्राकृतिक वातावरण की प्रशंसा करते हुए कहा कि चिलुआताल का पानी प्राकृति है, जो जंगलों से होकर आता है।
इस क्रम में मुख्यमंत्री ने बताया कि चिलुआताल का सिल्ट निकालकर खाद कारखाने को पानी दिया गया। सिल्ट का उपयोग निचले इलाकों के भराव में किया गया। आज चिलुआताल के किनारे लहरों से होकर आ रही हवा तापमान को कम कर सुखद अहसास करा रही है। यहां पर लोग परिवार के साथ आकर आनंद के साथ घूम सकते हैं। स्वास्थ्य का लाभ ले सकते हैं। यहां न प्रदूषण है और न ही किसी प्रकार की अव्यवस्था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले शहर में ईको टूरिज्म का प्रमुख केंद्र केवल रामगढ़ताल ही था, लेकिन उसमें ड्रेनेज का पानी जाता था। हमारी सरकार ने रामगढ़ताल की सफाई कराई और ताल का सिल्ट निकलवाया। वहां आज पानी ट्रीटमेंट के बाद ही जाता है। कार्यक्रम का संचालन रीता श्रीवास्तव ने किया।
गोरखपुर को बनाना है सेफ व स्मार्ट के साथ सस्टेनेबल डेवलपमेंट सिटी
मुख्यमंत्री ने कहा कि अच्छे सिटी डेवलेपमेंट प्लान से लोगों के मन में शहर की अच्छी धारणा बनती है। ऐसे में हमें गोरखपुर को सेफ और स्मार्ट सिटी के साथ ही सस्टेनेबल डेवलपमेंट वाली सिटी बनाना है। उन्होंने कहा कि विकास की प्रक्रिया सतत आगे बढ़ती रहेगी लेकिन इसके संरक्षण की जिम्मेदारी नागरिकों की है।
खबरें और भी
उन्होंने विकास के संरक्षण करने, सार्वजनिक संपति का नुकसान न करने, सार्वजनिक संपति का नुकसान करने वालों को जेल भेजवाने और गंदगी न करने की अपील की। साथ ही रामगढ़ताल की सफाई के दौरान 56 बोरा प्लास्टिक मिलने का जिक्र करते हुए आह्वान किया कि गोरखपुर को प्लास्टिक मुक्त और स्वच्छ-सुंदर शहर बनाने का संकल्प लेना होगा।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में CM योगी ने की विकास कार्यों की समीक्षा, बोले- मानसून से पहले पूरा करें आखिरी चरण वाले प्रोजेक्ट
5 जून से 21 जून तक चलाए स्वच्छता, पौधरोपण व योग शिविर अभियानमुख्यमंत्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष के सफलतम कार्यकाल के उपलक्ष्य में विश्व पर्यावरण दिवस 5 जून से लेकर विश्व योग दिवस 21 जून तक स्वच्छता, पौधरोपण और योग शिविर आयोजित करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि पांच जून को महानगर के दो मंडल सांसद और ग्रामीण विधायक के नेतृत्व में रामगढ़ताल और पांच मंडल चिलुआताल के किनारे एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत पौधरोपण का वृहद अभियान चलाएं। इसके पहले चार जून को स्वच्छता का वृहद अभियान चलाया जाए। 21 जून को विश्व योग दिवस पर करो योग रो निरोग के संकल्प के साथ रामगढ़ताल और चिलुआताल पर विशाल योग शिविरों का आयोजन किया जाए।
एसएसबी नहीं होती तो बंद खाद कारखाने का स्क्रैप भी नहीं बचता
मुख्यमंत्री ने कहा कि 31 वर्ष तक गोरखपुर का खाद कारखाना बंद पड़ा था। यहां एसएसबी नहीं होती तो कारखाने का स्क्रैप भी नहीं बचता। उन्होंने कहा कि आज खाद कारखाना शुरू हो गया है। यहां एसएसबी भी है, केंद्रीय विद्यालय है, सैनिक स्कूल भी खुल गया है और अब चिलुआताल का भी पर्यटन विकास हो रहा है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्रीय विद्यालय के नए भवन के लिए धनराशि स्वीकृत कर दी गई है।
चिलुआताल घाट पर भी होगी फिल्मों की शूटिंग : रवि किशन
इस अवसर पर सांसद रवि किशन ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दूरदर्शिता बेमिसाल है। उनके विजन से गोरखपुर मनोहारी चित्र सा निखर गया है। सांसद ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में गोरखपुर विकास के लिहाज से पूरे देश के लिए उदाहरण बन गया है। उन्होंने कहा कि रामगढ़ताल के बाद अब चिलुआताल घाट भी फिल्मों की शूटिंग का केंद्र बनेगा। सांसद ने चिलुआताल पर लिखा अपना एक गीत भी सुनाया।
शहर का कोई भी कोना विकास से अछूता नहीं : महापौर
लोकार्पण समारोह में मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए महापौर डा. मंगलेश श्रीवास्तव ने कहा कि सीएम योगी के नेतृत्व में गोरखपुर का कोई भी कोना विकास से अछूता नहीं रह गया है। यह मुख्यमंत्री जी का ही विजन है कि उन्होंने उपेक्षित रहे चिलुआताल को खूबसूरत पर्यटन स्थल बनवा दिया। कार्यक्रम में एमएलसी एवं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डा. धर्मेंद्र सिंह, विधायक फतेह बहादुर सिंह, श्रीराम चौहान, विपिन सिंह, महेंद्रपाल सिंह, डा. विमलेश पासवान, प्रदीप शुक्ल, सरवन निषाद, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी, भाजपा के महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता, पूर्व महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता, कालीबाड़ी के महंत रवींद्र दास आदि मौजूद रहे।
चिलुआताल घाट का सीएम ने किया निरीक्षण, परिसर में हरिशंकरी का पौधरोपण
मुख्यमंत्री ने चिलुआताल के पर्यटन विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों के लोकार्पण अवसर पर भ्रमण कर घाट व नौका विहार का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने घाट परिसर में हरिशंकरी का पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। चिलुआताल पर्यटन विकास परियोजना का लोकार्पण करने से पहले मुख्यमंत्री ने चिलुआताल के समीप निर्माणाधीन भजन संध्या स्थल का भी निरीक्षण किया। 12.95 करोड़ रुपये की इस परियोजना को अगस्त 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य है।