गोरखपुर का धुरियापार बनेगा पूर्वांचल का 'इण्डस्ट्रियल हब': 160 एकड़ में तैयार होगा प्लग एंड प्ले कॉरिडोर, चमकेंगे रोजगार के अवसर
गोरखपुर के धुरियापार में 160 एकड़ में अत्याधुनिक प्लग एंड प्ले औद्योगिक कॉरिडोर विकसित किया जाएगा, जिसके लिए गीडा ने डीपीआर कंसलटेंट चयन प्रक्रिया शुर ...और पढ़ें

भारत औद्योगिक विकास योजना के तहत डीपीआर के लिए कंसलटेंट चयन प्रक्रिया शुरू। जागरण
HighLights
धुरियापार में 160 एकड़ में औद्योगिक कॉरिडोर बनेगा।
केंद्र सरकार की योजना से होगा वित्तपोषण।
100 से अधिक इकाइयां, हजारों रोजगार सृजित होंगे।
धुरियापार के सेक्टर-6 में करीब 160 एकड़ भूमि इस परियोजना के लिए चिह्नित
इस कारिडोर में 100 से अधिक औद्योगिक इकाइयां स्थापित होने की संभावना
जागरण संवाददाता, गोरखपुर : धुरियापार में भारत औद्योगिक विकास योजना के तहत 160 एकड़ क्षेत्र में अत्याधुनिक प्लग एंड प्ले औद्योगिक कारिडोर विकसित किया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) ने डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने के लिए कंसलटेंट के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए विज्ञापन जारी कर दिया गया है। योजना पूरी तरह केंद्र सरकार के वित्तीय सहयोग से विकसित होगी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में मार्च 2026 में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने भारत औद्योगिक विकास योजना को मंजूरी दी थी। इस योजना के तहत देशभर में 100 नए औद्योगिक क्षेत्रों का विकास किया जाना है। उत्तर प्रदेश में सात स्थानों पर ऐसे औद्योगिक कारिडोर प्रस्तावित हैं, जिनमें गोरखपुर का धुरियापार भी शामिल है।
गीडा ने धुरियापार के सेक्टर-6 में करीब 160 एकड़ भूमि इस परियोजना के लिए चिह्नित कर ली है। अब डीपीआर तैयार होने के बाद सड़क, बिजली, पानी, सीवरेज, ड्रेनेज और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विकास केंद्र सरकार के फंड से किया जाएगा। इसके बाद उद्योगों को विकसित भूखंड उपलब्ध कराए जाएंगे।
प्लास्टिक पार्क की तर्ज पर विकसित होगा प्लग एंड प्ले कारिडोर
अधिकारियों के अनुसार, यह कारिडोर प्लास्टिक पार्क की तर्ज पर विकसित होगा, जहां उद्यमियों को प्लग एंड प्ले सुविधा मिलेगी। यानी उद्योग लगाने के लिए आवश्यक बुनियादी ढांचा पहले से तैयार रहेगा, जिससे निवेशकों को कम समय में उत्पादन शुरू करने में आसानी होगी।
अनुमान है कि इस औद्योगिक कारिडोर में 100 से अधिक औद्योगिक इकाइयां स्थापित होंगी। देश की बड़ी कंपनियों के निवेश की भी संभावना जताई जा रही है। परियोजना का पूरा इंफ्रास्ट्रक्चर केंद्र सरकार के फंड से विकसित होने के कारण उद्योगों के लिए भूमि अपेक्षाकृत कम कीमत पर उपलब्ध कराई जा सकेगी, जिससे निवेश आकर्षित होने की उम्मीद है। धुरियापार में इस कारिडोर के विकसित होने से पूर्वांचल के औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी। इसके साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे और क्षेत्र में सहायक उद्योगों तथा व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
कोट
केंद्र सरकार की भारत औद्योगिक विकास योजना के तहत धुरियापार में 160 एकड़ भूमि पर औद्योगिक कारिडोर विकसित किया जाएगा। योजना की डीपीआर तैयार करने के लिए कंसलटेंट का चयन किया जा रहा है। धुरियापार क्षेत्र के विकास में यह परियोजना मील का पत्थर साबित होगी। अच्छी कंपनियां यहां निवेश करेंगी और स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
अनुज मलिक, सीईओ, गीडा