यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 22, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Lok Sabha Election 2024: गोरखपुर में महिलाओं की पूरी भागीदारी, युवा वोटर बढ़ाना बड़ी जिम्मेदारी
चुनाव आयोग के मानक पर महिला व युवा वोटरों की संख्या बढ़ाना गोरखपुर जिला प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती है। यहां लिंगानुपात का मानक 944 है लेकिन जिले में 8 ...और पढ़ें

गोरखपुर, अरुण चन्द। मतदाता सूची (Voter List) को आयोग के मानकों की कसौटी पर खरा उतारना, जिला प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती साबित हो सकता है। जनसंख्या के मुताबिक मतदाता सूची में वोटरों का अनुपात तो ठीक है। मगर, लिंगानुपात और पहली बार वोटर बनने वाले 18 से 19 वर्ष के युवा वोटरों की संख्या काफी कम है।
आयोग के मुताबिक जिले में पुरुष मतदाताओं की तुलना में महिला मतदाताओं का अनुपात एक हजार पर 944 होना चाहिए। लेकिन, यहां सिर्फ 851 है। शहर विधानसभा में सबसे अधिक 873 और बांसगांव में सबसे कम 826 है। इसी तरह पहली बार मतदाता बनने वाले 18 से 19 वर्ष के युवाओं की सहभागिता कुल मतदाता संख्या का चार प्रतिशत होना जरूरी है। लेकिन, जिले में सिर्फ 0.56 प्रतिशत ही है। जिले में कुल 35 लाख 87 हजार 46 वोटर हैं। इनमें 19 लाख 37 हजार 723 पुरुष व 16 लाख 49 हजार 39 महिलाएं हैं। युवा वोटरों की संख्या महज 20 हजार 141 है।
मानकों के अनुरूप मतदाता सूची तैयार करने पर जोर
आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर निर्वाचन आयोग ने तैयारी तेज कर दी है। इसी क्रम में गत बुधवार को आयोग के अधिकारियों ने गोरखपुर समेत आस-पास के 16 जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी के साथ जीडीए सभागार में बैठक भी की। इसका मुख्य एजेंडा ही मतदाता सूची को मानकों के मुताबिक दुरुस्त करना था। वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त धर्मेंद्र शर्मा ने युवा मतदाताओं की संख्या बढ़ाने पर जोर देते हुए एक जनवरी, 2024 को 18 वर्ष पूरा करने वाले युवाओं को भी अभियान चलाकर मतदाता बनाने को कहा।
17 अक्टूबर से चलेगा मतदाता अभियान
मतदाता सूची दुरुस्त करने के साथ ही छूटे हुए लोगों को मतदाता बनाने के मकसद से 17 अक्टूबर से विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान चलेगा। निर्वाचन कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक अभियान के दौरान 30 नवंबर तक मतदाता बनने, नाम काटने, दुरुस्त कराने आदि को लेकर आवेदन किए जा सकते हैं। इसके बाद आवेदनों की जांच, कंप्यूटर में फीडिंग का काम शुरू होगा। पांच जनवरी को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होगा। लोगों की सहूलियत के लिए अभियान के दौरान प्रत्येक रविवार को मेगा कैंप लगेगा, जिसमें प्रत्येक बूथ पर संबंधित बीएलओ आवेदन पत्रों के साथ मौजूद रहेंगे।
खबरें और भी
जिले के विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं की संख्या व लिंगानुपात का विवरण
| विधानसभा | कुल वोटर | महिला वोटर | युवा वोटर | लिंगानुपात |
| कैंपियरगंज | 381667 | 177031 | 2398 | 865 |
| पिपराइच | 407252 | 186559 | 2167 | 846 |
| गोरखपुर शहर | 464171 | 216261 | 2971 | 873 |
| गोरखपुर ग्रामीण | 420460 | 194611 | 2510 | 862 |
| सहजनवां | 374245 | 170421 | 1961 | 836 |
| खजनी | 377894 | 172972 | 1835 | 844 |
| चौरी चौरा | 352004 | 161883 | 2027 | 852 |
| बांसगांव | 377530 | 170772 | 2384 | 826 |
| चिल्लूपार | 431823 | 198529 | 1888 | 851 |
| योग | 3587046 | 1649039 | 20141 | 851 |
क्या कहते हैं अधिकारी
जिला निर्वाचन अधिकारी/ जिलाधिकारी कृष्णा करूणेश ने बताया कि मतदाता सूची दुरुस्त कराई जा रही है। 17 अक्टूबर से मतदाता पुनरीक्षण अभियान की भी शुरुआत होगी। इस दौरान वोटर नहीं बने सके लोग आसानी से मतदाता बन सकते हैं। महिला और युवाओं को वोटर बनाने पर जोर रहेगा। इसके लिए गांवों, चौराहों, प्रमुख स्थानों, विश्वविद्यालय, कालेज और शापिंग आदि में विशेष अभियान चलाया जाएगा।