गोरखपुर की बेटी नशरा ने AMU के इतिहास में दर्ज कराया नाम, बनीं पहली महिला उपाध्यक्ष
गोरखपुर की बेटी नशरा नईम ने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) छात्रसंघ चुनाव में उपाध्यक्ष पद जीतकर इतिहास रचा है। वह ...और पढ़ें

एएमयू छात्रसंघ चुनाव में उपाध्यक्ष पद पर विजेता बनीं नशरा नईम। जागरण
नवनीत प्रकाश त्रिपाठी, गोरखपुर। कुछ उपलब्धियां सिर्फ व्यक्तिगत सफलता नहीं होतीं, वे अपने समय और समाज के सामने एक नई इबारत लिखती हैं। गोरखपुर की बेटी नशरा नईम की सफलता भी ऐसी ही है। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के छात्रसंघ चुनाव में उपाध्यक्ष के पद पर जीत दर्ज कर उन्होंने इतिहास रच दिया है। एएमयू के अब तक के इतिहास में पहली बार कोई महिला छात्रसंघ की पदाधिकारी चुनी गई है।
धर्मशाला निवासी इंजीनियर शम्स अनवर कहते हैं कि एलएलबी की पढ़ाई कर रहीं नशरा ने उस विश्वविद्यालय में यह मुकाम हासिल किया है, जिसकी अपनी विशिष्ट सामाजिक-सांस्कृतिक परंपराएं और मान्यताएं हैं। ऐसे माहौल में छात्रसंघ के महत्वपूर्ण पद तक पहुंचना महज चुनाव जीतना नहीं, बल्कि अपनी नेतृत्व क्षमता, प्रतिभा और आत्मविश्वास के दम पर सही मायनों में नारी के सशक्त होने का सिंहनाद करना है। इस लिहाज से उनकी जीत का महत्व और बढ़ जाता है।
गोरखपुर के मियां बाजार की रहने वाली नशरा के वालिद जनाब अबू नईम, सेंट एंड्रयूज डिग्री कालेज में शिक्षक रहे हैं। उनकी बुआ शहर के ही एक डिग्री कालेज में शिक्षक हैं। उनके परिवार के लोग इस समय भले ही लखनऊ में रह रहे हैं, लेकिन उनकी उपलब्धि पर गोरखपुर के लोगों को गर्व महसूस करना स्वाभाविक है।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में धनतेरस पर सड़क हादसे में इकलौते बेटे की मौत, परिवार में छाया मातम
दरगाह मुबारक खां शहीद के सज्जादानशीन इकरार अहमद कहते हैं कि नशरा की सफलता ने न केवल गोरखपुर का मान बढ़ाया है, बल्कि राजनीति की नर्सरी में महिलाओं की भागीदारी और नेतृत्व की एक नई राह भी खोली है। उनकी जीत उन छात्राओं के लिए उम्मीद और हौसले का संदेश है, जो अपनी प्रतिभा के दम पर आगे बढ़ना चाहती हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।