गोरखपुर के पिपराइच में रसोई गैस संकट पर फूटा गुस्सा, उपभोक्ताओं ने किया सड़क जाम
पिपराइच, गोरखपुर में रसोई गैस सिलिंडर न मिलने पर उपभोक्ताओं ने हंगामा किया। आधी रात से कतार में लगे लोगों को सप्लाई न होने की सूचना पर गुस्सा फूट पड़ा ...और पढ़ें

पिपराइच में रसोई गैस सिलिंडर के लिए हंगामा करते लोग। जागरण
HighLights
पिपराइच में रसोई गैस सिलिंडर न मिलने पर हंगामा हुआ।
उपभोक्ताओं ने पिपराइच-गोरखपुर मार्ग दो घंटे तक जाम रखा।
एसडीएम के हस्तक्षेप से गैस आपूर्ति बहाल हो पाई।
संवाद सूत्र, पिपराइच, (गोरखपुर)। रसोई गैस सिलिंडर को लेकर पिपराइच कस्बा में मंगलवार की सुबह जमकर हंगामा हुआ। आधी रात से कतार में लगे उपभोक्ताओं का गुस्सा तब फूट पड़ा, जब सुबह उन्हें सूचना दी गई कि सप्लाई वाहन नहीं आएगा। नाराज लोगों ने कस्बा में उजाला भारत गैस एजेंसी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पिपराइच-गोरखपुर मार्ग जाम कर दिया। बाद में पहुंचे एसडीएम व जिलापूर्ति अधिकारी ने गैस की गाड़ी मंगाकर सिलिंडर का वितरण कराया।
लगन में गैस की मांग बढ़ गई है। सोमवार को गैस एजेंसियों की बंदी थी। मंगलवार को गैस सिलिंडर के लिए उपभोक्ता सोमवार की आधी रात से ही लाइन लगाए थे। सुबह उन्हें जानकारी दी गई कि सिलिंडर की गाड़ी नहीं आएगी। इससे उपभोक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा।
हंगामा करते हुए पिपराइच-गोरखपुर मार्ग पर जाम लगा दिया। दो घंटे तक सड़क जाम रहने से यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित उपभोक्ता शांत नहीं हुए।
बाद में थाना प्रभारी अतुल कुमार श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और सख्ती दिखाते हुए उपभोक्ताओं को सड़क से खदेड़ दिया। इसके बाद आवागमन बहाल हुआ। हंगामा व सड़क जाम की सूचना पर प्रशासन के लोग हरकत में आए।
खबरें और भी
एसडीएम सदर दीपक गुप्ता मौके पर पहुंचे और जिलापूर्ति विभाग से समन्वय कर 11 बजे गैस सिलिंडर का एक ट्रक एजेंसी पर मंगवाए। जिलापूर्ति अधिकारी रामेंद्र सिंह ने एजेंसी संचालक को सुचारू व पारदर्शी वितरण के निर्देश दिए। लंबे समय से बीमार चल रहे गैस एजेंसी संचालक अंशु सोनकर भी मौके पर उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर से अलीपुरद्वार के बीच तीन फेरा में चलेगी समर स्पेशल, सुगम होगी राह
क्या कहते हैं उपभोक्ता
एजेंसी पर पहुंचे कस्बा के जनार्दन तिवारी ने बताया कि बेटे के तिलक कार्यक्रम को लेकर चिंतित हूं। रात से लाइन में लगने के बावजूद गैस नहीं मिली। फूला देवी ने कहा कि घर पर मांगलिक कार्यक्रम है, लेकिन कई दिनों से चक्कर लगाने के बाद भी सिलिंडर नहीं मिल रहा।
संजय ने बताया कि एक अप्रैल को बुकिंग कराने के बाद भी गैस सिलिंडर नहीं मिला। राजेश ने मोबाइल फोन पर डिलीवरी का संदेश आने के बावजूद सिलिंडर न मिलने की शिकायत की। राकेश ने बताया कि बीमार मां की देखभाल के बीच गैस न मिलने से परेशानी और बढ़ गई है।