दोहरीघाट-बड़हलगंज के बीच सरयू तट पर बनेगा ‘राम-परशुराम झूला मार्ग’
मऊ और गोरखपुर को जोड़ने वाली सरयू नदी पर 'राम-परशुराम झूला मार्ग' बनाया जाएगा। यह परियोजना आवागमन को सुगम बनाने के साथ-साथ पर्यटन और ऐतिहासिक धरोहरों ...और पढ़ें
-1780455114213_m.webp)
तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
सरयू नदी पर बनेगा 'राम-परशुराम झूला मार्ग'।
मऊ और गोरखपुर के बीच आवागमन होगा आसान।
पर्यटन और ऐतिहासिक धरोहरों को मिलेगा बढ़ावा।
जागरण संवाददाता, मऊ/गोरखपुर। वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन बनने के बाद अब सरयू नदी पर मऊ व गोरखपुर को जोड़ने के लिए ‘राम-परशुराम झूला मार्ग’ बनाया जाएगा। इसके लिए नगर विकास मंत्री एके शर्मा, केंद्रीय राज्यमंत्री व सांसद कमलेश पासवान व चिल्लूपार के विधायक राजेश त्रिपाठी में बात हो चुकी है।
नगर विकास मंत्री ने शासन को पत्र भी लिख दिया है। शासन से हरी झंडी मिलते ही झूला मार्ग दोहरीघाट के हनुमान मंदिर से बड़हलगंज के लेटाघाट तक बनाया जाएगा। मार्ग बनने से जहां मऊ व दोहरीघाट के लोगों का आवागमन आसान हो जाएगा, वहीं बड़हलगंज, मुक्तिधाम सहित दोहरीघाट की ऐतिहासिक धरोहरों को नई पहचान मिलेगी। पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
गोरखपुर के बड़हलगंज में पौहारी महाराज की कुटी (चरणपादुका) स्थित है। मान्यता है कि भगवान श्री राम की चरणपादुका लेकर अयोध्या लौटते समय भरत जी ने यहां विश्राम किया था। दूसरी तरफ, दोहरीघाट कस्बा भगवान श्रीराम व परशुराम की मिलन स्थली है।
दोहरीघाट कस्बा के मुक्तिधाम पार्क में भगवान शिव की विशाल मूर्ति है। यहां चिड़ियाघर सहित विभिन्न प्रकार के दुर्लभ सिक्कों व सामान की प्रदर्शनी भी लगाई गई है। साथ ही भारत माता की आकर्षक प्रतिमा भी लोगों को अपनी ओर आकर्षित करती है।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- गोरखपुर का चिलुआताल बनेगा वाटर स्पोर्ट्स का नया केंद्र, सीएम योगी ने किया लोकार्पण
इस परियोजना के महत्व को देखते हुए बड़हलगंज नगर पंचायत प्रशासन ने बांसगांव के सांसद और केंद्रीय राज्यमंत्री कमलेश पासवान व चिल्लूपार के विधायक राजेश त्रिपाठी को ‘राम-परशुराम झूला मार्ग’ के लिए पत्र लिखा है। इसी प्रकार नगर पंचायत दोहरीघाट की तरफ से नगर विकास मंत्री एके शर्मा के समक्ष यह मामला उठाया गया है। तीनों जनप्रतिनिधियों के बीच वार्ता भी हो चुकी है। नगर विकास विकास मंत्री ने पहल भी शुरू कर दी है।
सहेजेंगे ऐतिहासिक धरोहरों को
पुल मार्ग बनने से दोनों जनपदों के ऐतिहासिक धरोहरों को सहेजा जा सकेगा। पर्यटकों के लिए भी यह बहुत महत्वपूर्ण स्थल हो जाएगा। इससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। मुक्तिधाम पार्क तक दोनों जिलों के नागरिकों की पहुंच आसान हो जाएगी। बड़हलगंज के विजय प्रकाश शुक्ल, हरिकेश राय, पूर्व ब्लाक प्रमुख विजय कुमार यादव, राजा यादव, अमरजीतन निषाद, रामप्यारे मौर्य, अंबिका मौर्य, गिरीशचंद्र राय, केसी राय, दीनानाथ सोनकर, हरिद्वार सोनकर,पवन सोनकर, हरिश्चंद्र राय ने इस पहल पर खुशी जताई है।
जनपदवासियों ने कई बार यह मामला उठाया है। आए दिन दोहरीघाट कस्बे में जाम लग जाता है। सरयू तट तक जाने के लिए लोगों को दिक्कत भी होती है। ऐसे में ‘राम-परशुराम झूला मार्ग’ बन जाने से काफी राहत मिलेगी। शासन को पत्र लिख दिया गया है। शासन से हरी झंडी मिलते ही जनपदवासियों की यह मांग भी पूरी हो जाएगी।
-एके शर्मा, नगर विकास मंत्री।