विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर में दृष्टिबाधित कॉलेज के हॉस्टल में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला छात्र का शव, जांच में जुटी पुलिस

Updated: Wed, 26 Aug 2026 09:05 PM (IST)

गोरखपुर के स्पर्श राजकीय दृष्टिबाधित बालक इंटर कॉलेज के हॉस्टल में कक्षा आठ के एक दृष्टिबाधित छात्र का शव बाथरूम में संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला।

अनूप कुमार, फाइल फोटो

अनूप कुमार, फाइल फोटो

HighLights

  1. कक्षा आठ के दृष्टिबाधित छात्र का शव मिला।

  2. हॉस्टल के बाथरूम में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत।

  3. पुलिस ने जांच शुरू की, सीसीटीवी फुटेज खंगाले।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। स्पर्श राजकीय दृष्टिबाधित बालक इंटर कॉलेज के हॉस्टल के बाथरूम में संदिग्ध परिस्थिति में कक्षा आठ के छात्र का शव तौलिये के फंदे में फंसा मिला। फाटक के मध्य में लगी कुंडी में बंधे तौलिये के फंदे में छात्र का गला कसा था और उसके पैर के घुटने फर्श से सटे थे।

बुधवार सुबह 9:30 बजे हास्टल की सफाई करने पहुंचे सफाई कर्मी ने दरवाजा नहीं खुलने पर हास्टल प्रभारी को सूचना दी। इसके बाद मौके पर पहुंचे प्रधानाचार्य लक्ष्मी शंकर जायसवाल और सीओ ओमकार दत्त तिवारी व राजघाट पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला और जांच के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीसी कैमरे में छात्र बाल्टी और तौलिया लेकर जाते हुए दिख रहा है।

देवरिया के रामगुलाम टोला के रामआसरे का बेटा अनूप कुमार दोनों आंखों से दिव्यांग था और वर्ष 2019 से विद्यालय की आवासीय व्यवस्था में रहकर पढ़ाई कर रहा था। विद्यालय के उप निदेशक दिव्यांग अनूप कुमार सिंह के अनुसार, मंगलवार रात 10 बजे छात्र बाथरूम गया था। इसके बाद वह नहीं लौटा।

सुबह सफाईकर्मी ने काफी देर तक बाथरूम का दरवाजा बंद देख खुलवाने का प्रयास किया। अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर प्रबंधन को सूचना दी। इसके बाद राजघाट थाना पुलिस को जानकारी दी गई।

उधर, पुलिस का दावा है कि 10:30 बजे उन्हें सूचना मिली तो सीओ कोतवाली और राजघाट थाने की पुलिस 10:40 बजे विद्यालय के हास्टल पहुंचे। सीओ ओमकार दत्त तिवारी ने बताया कि पुलिस के पहुंचने पर बाथरूम का दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजा खुलवाने पर छात्र का शव कुंडी में तौलिये के सहारे लटका मिला।

शव को नीचे उतारकर तत्काल उसके परिवार को सूचना दी गई। दोपहर डेढ़ बजे के बाद पिता रामआसरे रिश्तेदारों के साथ विद्यालय पहुंचे और प्रबंधन व अन्य लोगों से घटना के संबंध में जानकारी ली। घटना की सूचना पर एसपी सिटी निमिष पाटील और एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार भी विद्यालय पहुंचे। अधिकारियों ने परिसर में लगे सीसी कैमरों की फुटेज देखी।

एडीएम सिटी ने बताया कि फुटेज में छात्र मंगलवार रात अकेले बाथरूम की ओर जाता दिखाई दे रहा है। प्रथमदृष्टया इससे खुदकुशी की आशंका जताई जा रही है। वहीं एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की जांच हो रही है।

छात्र का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर राजघाट पुलिस जांच कर रही है। काल डिटेल और अन्य डिजिटल जानकारी खंगाली जा रही है। विद्यालय के छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना के पीछे की वजह सामने आ सके। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए चिकित्सकों का पैनल गठित किया गया है। पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। रिपोर्ट व जांच के साथ स्वजन की तरफ से तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर रूट पर ब्लॉक से मोतिहारी-बेतिया की कई ट्रेनों की रफ्तार पर ब्रेक, जननायक एक्सप्रेस का बदला रूट