क्या बिल तुम्हारे मायके वाले भरेंगे?... पंखा चलाने पर हमीरपुर में सास-ससुर ने बहू को पीटा, आहत होकर पीड़िता ने काटा हाथ
हमीरपुर में पंखा चलाने पर सास-ससुर ने बहू को पीटा, जिससे आहत होकर उसने अपनी कलाई काट ली। पीड़िता ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। ...और पढ़ें

कोतवाली में कटा हाथ दिखाती महिला। जागरण
संवाद सहयोगी, राठ(हमीरपुर)। उत्तर प्रदेश के कानपुर में घरेलू हिंसा का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक नवविवाहिता को सिर्फ इसलिए बेरहमी से पीटा गया क्योंकि उसने गर्मी में पंखा चला लिया था। सास-ससुर ने बिजली का बिल मायके से आने का ताना देते हुए बहू पर हमला कर दिया। इस प्रताड़ना और अपमान से आहत होकर पीड़िता ने अपने हाथ की नस काट ली।
भीषण गर्मी में एक बहू को पंखा चलाना आफत हो गया। पंखा चलाने से अधिक बिल आने की बात कहते हुए आक्रोशित सास ससुर ने बहू को बेरहमी से पीट दिया। सास ससुर की मारपीट से आहत बहू ने अपना हाथ काटकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। पीड़िता ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने घायल महिला का मेडिकल परीक्षण कराया है।
कोतवाली क्षेत्र के अकौना गांव निवासी सोनम ने बताया कि उसका पति बाहर रहकर मजदूरी करता है। वह अपने सास ससुर के साथ रहती है। सोमवार को अत्यधिक गर्मी की वजह से उसने कमरे में लगा पंखा चला लिया। जिससे सास ससुर पंखा चलाने पर नाराज हो गए और उसके साथ अभद्रता करते हुए गाली गलौज करने लगे। कहने लगे कि पंखा चलाने से ज्यादा बिल आता है। इसे तुम्हारे मायके वाले भरेंगे क्या।
विरोध करने पर उसके साथ ससुर ने उसकी पिटाई कर दी और जान से मारने की धमकी देने लगे। सास ससुर के द्वारा की गई मारपीट पर आहत होकर उसने अपने हाथ की नस काट कर आत्महत्या करने का प्रयास किया। कोतवाल अनूप सिंह ने बताया कि पीड़ित महिला का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।