Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    Hamirpur Sadar MLA Report Card: आवासीय मॉडल विद्यालय से संवरेगा बच्चों का भविष्य, जाम से निजात को बाईपास-पुलों की आस

    Updated: Wed, 22 Jul 2026 05:12 PM (IST)

    हमीरपुर सदर विधायक डॉ. मनोज प्रजापति ने सदन में कई विकास कार्यों पर चर्चा की, जिनमें पुल निर्माण और आवासीय मॉडल स्कूल प्रमुख हैं। हालांकि, बाईपास पुलो ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. कई नदियों पर पुलों का निर्माण कार्य प्रगति पर।

    2. रीवन गांव में आवासीय मॉडल स्कूल का निर्माण जारी।

    3. बाईपास पुलों में देरी से जाम की समस्या बरकरार।

    जागरण संवाददाता, हमीरपुर। भाजपा प्रदेश सरकार के चार वर्ष के कार्यकाल में हमीरपुर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक की ओर से सदन में कई प्रमुख मुद्दों पर चर्चा की गई। इसमें कुछ में तो उन्हें सफलता मिली और कुछ का अभी भी इंतजार हैं। जिले की दो विधानसभा सीटों पर दोनों में भाजपा के विधायक काबिज हैं।

    हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हमीरपुर सदर सीट से भाजपा विधायक डा.मनोज प्रजापति ने सदन में कई समस्याओं को रखा। जिसमें उन्हें कुछ में सफलता मिली और अभी कुछ मांगें पूरी होने की संभावनाएं नजर आ रही हैं।

    सदर विधायक ने बताया कि उनकी प्राथमिकता है कि आमजनमानस को बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य की बेहतर सुविधाएं मिलें। जिसके लिए वह लगातार सदन में आवाज उठाते रहते हैं। जिला मुख्यालय में मेडिकल कालेज की मांग हो या फिर आवागमन को सुगम बनाने के लिए सड़कों व पुलों के निर्माण के साथ ही गांव में बरातशालाओं की मांगें प्रमुख रही हैं।

    उनके द्वारा किए गए प्रयासों में बेरी कुपरा के बीच बेतवा नदी पर दीर्घ सेतु पहुंच मार्ग अतिरिक्त पहुंच मार्ग एवं सुरक्षात्मक कार्य का निर्माण 137.37 करोड़, ग्राम भौली के यमुना नदी में पुल का निर्माण लागत 171.45 करोड़, कैथी गड़रिया मार्ग पर चंद्रावल नदी पर दीर्घ सेतु पहुंच मार्ग, लागत करीब 25 करोड़।

    खबरें और भी

    मौदहा के बैजेमऊ सौड़ी बांदा में केन नदी पर दीर्घ सेतु पहुंच मार्ग 158.14 करोड़। पत्योरा से परसेढ़ा के बीच यमुना नदी में दीर्घ सेतु व संपर्क मार्ग 204.98 करोड़। सुमेरपुर से बांदा तिंदवारी मार्ग पर कस्बा सुमेरपुर में रेल उपरगामी सेतु का निर्माण। मौदहा से बिवांर बाया जलालपुर, कुपरा मार्ग लागत 14.63 करोड़ से कराया जा रहा है।

    इसके अलावा रीवन गांव में 25 करोड़ की लागत से विद्यार्थियों के लिए आवासीय माडल स्कूल का भी निर्माण कराया जा रहा है तो बच्चों का भविष्य संवारने का काम करेगा। वहीं यदि सदर विधानसभा की समस्याओं की बात की जाए तो उसमें यमुना और बेतवा नदियों पर बन रहे बाईपास के निर्माण में देरी होने के कारण आएदिन कानपुर हमीरपुर हाईवे पर जाम।

    जल जीवन मिशन के तहत अब भी कई घरों में पानी न पहुंचना और गांव की सड़कें खस्ताहाल होना। जिला अस्पताल में सर्जन की कमी के कारण कानपुर व लखनऊ रेफर होना। कानपुर हमीरपुर हाईवे का चौड़ीकरण होना। जिला मुख्यालय में मेडिकल कालेज व ट्रामा सेंटर होना। जिला मुख्यालय में रेलवे स्टेशन बनाया जाना। यमुना और बेतवा नदियों पर तटबंध बनाया जाना प्रमुख हैं। लोगों की इन पर निगाहें टिकी हुईं हैं कि इन समस्याओं का निराकरण कब होगा।

    हमीरपुर सदर विधानसभा

    • कुल मतदाता - 399333
    • पुरुष मतदाता - 220792
    • महिला मतदाता - 178537
    • थर्ड जेंडर - 4

     

    विधानसभा क्षेत्र के पौथिया गांव से कुरारा ब्लाक के पतारा हरेहटा तक बेतवा नदी में पीपे का पुल स्वीकृत हो चुका है। जिससे करीब 25 गांवों के लोगों को लाभ मिलेगा। इसके अलावा कई रपटों का भी निर्माण करवाया गया है। इसके साथ ही रीवन गांव में करीब 25 करोड़ की लागत से आवासीय माडल विद्यालय का निर्माण करवाया जा रहा है। हर क्षेत्र में लोगों को बेहतर सुविधाएं देने के प्रयास हैं।
    - डा. मनोज प्रजापति, सदर विधायक हमीरपुर।

     

    भाजपा सरकार में जनता के लिए कोई भी अच्छा काम नहीं हुआ है। इस सरकार में बेरोजगारी बढ़ी, किसानों को खाद पानी की समस्या से जूझना पड़ा, बिजली के बढ़े बिलों ने लोगों की नींद उड़ा दी। किसान हो या जवान हर कोई इस सरकार में परेशान है। विद्यार्थियों के लिए कोई अच्छे काम नहीं किए गए हैं। जनता के हित में आज तक इस सरकार ने कोई काम नहीं किया। यदि विधानसभा क्षेत्र की समस्या को लेकर बात करें तो मौदहा ब्लाक के परसदवा डेरा के लोग आज भी पक्की सड़क के लिए परेशान हैं। उनके द्वारा प्रदर्शन किए गए, लेकिन समस्या का समाधान अभी तक नहीं हो सका। वह दलदलयुक्त रास्ते से गुजरने को मजबूर हैं। यही है भाजपा का विकास।
    - रामप्रकाश प्रजापति, सपा।


    यमुना और बेतवा दोनों नदियों में बाईपास पुलों का अभी तक निर्माण नहीं हो सका है। जिसके कारण लोगों को आएदिन कानपुर सागर हाईवे के जाम से जूझना पड़ता है। सदर विधायक के द्वारा सदन में इस मुद्दे को उठाया गया और टीम ने आकर जांच भी की। जिस पर अंतिम जून तक बेतवा का पुल चालू करने को कहा गया था, लेकिन जुलाई भी बीतने को हैं, आवागमन नहीं शुरू हो सका।
    - विजय द्विवेदी, एडवोकेट, हमीरपुर।


    आजादी के बाद से आज तक हमीरपुर मुख्यालय रेलवे स्टेशन के लिए तरस रहा है। लेकिन इस ओर किसी भी सांसद विधायक ने कोई ध्यान नहीं दिया। यदि रेलवे स्टेशन का निर्माण हो जाए तो जिला मुख्यालय का विकास होगा। इतना ही नहीं व्यापारी वर्ग हो या फिर विद्यार्थी हर किसी को अच्छी सुविधाएं मिलेंगी और भविष्य संवेरगा।
    - नीरज मिश्रा, हमीरपुर।


    कानपुर-हमीरपुर हाईवे पर आएदिन जाम की समस्या से लोगों को जूझना पड़ता है। जिसके लिए बाईपास पुलों का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। लेकिन यह पुल कब तक बनेंगे इसका कोई भरोसा नहीं है। कछुवा गति से पुलों पर काम हो रहा है और लोग जाम का शिकार हो रहे हैं। इन पुलों का शीघ्र निर्माण होना चाहिए। ताकि जाम की समस्या खत्म हो।
    - दीपा तिवारी, हमीरपुर।


    छात्र छात्राओं के पढ़ने के लिए अच्छे कालेज होने की जरूरत हैं। ताकि वह अपनी पढ़ाई कानपुर, लखनऊ जाकर न करें। इसके साथ ही जिला अस्पताल में डाक्टरों की कमी भी कहीं न कहीं लोगों के लिए मुसीबत बनी हुई है। इसके लिए जिला अस्पताल में सर्जन समेत अन्य डाक्टरों का स्टाफ होना चाहिए।
    - स्वाती, हमीरपुर।