करवाचौथ पर पति नहीं लेकर आया पूजन सामग्री, नाराज पत्नी ने उठाया आत्मघाती कदम
हमीरपुर के पाटनपुर गांव में करवाचौथ के दिन पति से विवाद के बाद एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया।

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
करवाचौथ पर पति से विवाद, महिला ने की आत्महत्या की कोशिश।
परिजनों ने बचाया, अस्पताल में इलाज के बाद हालत में सुधार।
पति शराब का आदी, मामूली बात पर हुआ था झगड़ा।
जागरण संवाददाता, हमीरपुर। बिवांर थाना क्षेत्र के पाटनपुर गांव में करवाचौथ के दिन पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद पत्नी ने फंदा लगाकर आत्महत्या की कोशिश की, लेकिन स्वजन ने उसे समय रहते देख लिया और उपचार के लिए अस्पताल ले गए। जहां इलाज के बाद उसकी हालत में सुधार है।
पाटनपुर गांव निवासी 35 वर्षीय पूजा पत्नी राजकुमार कुशवाहा ने बृहस्पतिवार को करवाचौथ का व्रत रखा था। महिला ने जब अपने पति से कुछ जरूरी सामान मंगवाया तो पति ने अनसुना कर दिया।
इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हो गया, जिसके बाद महिला ने शाम लगभग सवा पांच बजे घर के अंदर रस्सी से फंदा लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की।
महिला को घर के स्वजन ने फंदा लगाते देख लिया था, जिसे उतारकर पहले मौदहा सीएचसी ले ले गए, वहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
उपचार के बाद महिला की हालत ठीक है। महिला का पति पेशे से गाड़ी चालक है और शराब का आदी है। बिवांर थाने के एसआइ विजयबहादुर ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी शाम लगभग साढ़े छह बजे मिली है। इलाज के बाद महिला की हालत में सुधार है।
