Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    HIT And Run : बर्रा हाईवे पर तेज रफ्तार कार ने युवक को कुचला, दोस्त के पिता के अंतिम संस्कार से लौटते समय हुआ हादसा

    Updated: Sun, 19 Jul 2026 06:37 PM (IST)

    कानपुर के बर्रा हाईवे पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक युवक अमित की मौत हो गई। वह दोस्त के पिता के अंतिम संस्कार से लौट रहा था और इलाज के दौरान एलएलआर ...और पढ़ें

    अमित की फाइल फोटो। स्वजन

    अमित की फाइल फोटो। स्वजन

    HighLights

    1. बर्रा हाईवे पर शनिवार दोपहर हुआ हादसा, देर रात एलएलआर अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ा

    2. दोस्त के पिता के अंतिम संस्कार से घर लौट रहा था युवक,हादसा करने वाली कार हुई चिन्हित

    जागरण संवाददाता, कानपुर। बर्रा हाईवे पर बने अंडरपास से शनिवार दोपहर निकली तेज रफ्तार कार से कुचलकर युवक की मौत हो गई। युवक अपने दोस्त के पिता की अंत्येष्टि में शामिल होकर घर लौट रहा था। गंभीर हालत में उसे पहले पीपीएम अस्पताल और फिर एलएलआर ले जाया गया, जहां देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि जिस कार से हादसा हुआ है उसे चिन्हित कर लिया गया है स्वजन की तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जायेगी।


    किदवई नगर वाई ब्लाक निवासी मंजू द्विवेदी रिजर्व बैंक आफ इंडिया (आरबीआइ) में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हैं। पति अरविंद के निधन के बाद उन्हें मृतक आश्रित कोटे से नौकरी मिली थी। उनका बेटा आशीष है उनके बेटे शरद ने कुछ साल पहले फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। उनका 35 वर्षीय बेटा अमित मछरिया क्षेत्र में एक जर्दा भंडार की दुकान में काम करता था। परिवार में पत्नी सोनम और बेटी आराध्या है। पिछले करीब पांच माह से काम बंद था।

    अमित के ससुर मिथलेश कुमार शुक्ला ने बताया कि शनिवार सुबह वह बर्रा-छह निवासी अपने दोस्त के पिता के अंतिम संस्कार में शामिल होने गए थे। दोपहर में वह बाइक से घर लौट रहा था जैसे ही वह बर्रा-दो स्थित प्रिया हास्पिटल के पास बने अंडरपास के पास पहुंचा तभी अंडरपास से निकली तेज रफ्तार कार ने अमित की बाइक में टक्कर मार दी और भागने के प्रयास में उन्हें कुचल दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

    राहगीरों ने पुलिस और स्वजन को सूचना दी जिसके बाद स्वजन ने पुलिस की मदद से अमित को साकेत नगर स्थित पीपीएम अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टरों ने उनकी गंभीर हालत देखते हुए एलएलआर अस्पताल रेफर कर दिया। जहां देर रात इलाज के दौरान अमित की मौत हो गई। बर्रा थाना प्रभारी रवींद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि जिस कार से हादसा हुआ उसे चिन्हित कर लिया गया है,स्वजन की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्जकर कार्रवाई की जायेगी।

    खबरें और भी

    हिट एंड रन में हुए हादसे

    • तीन अप्रैल 2025 को किदवई नगर एच-ब्लाक में दूध लेने जा रहे नवीन गुप्ता को तेज रफ्तार कार ने कुचलकर जान ली
    • 29 मई 2025 कल्याणपुर में केसा चौराहे पर लोडर की टक्कर से स्कूटी सवार बहन अलशिफा और भाई तौहीद की मौत
    • तीन जून 2025 को वीआइपी रोड पर गाजियाबाद की कार ने होटलकर्मी आदित्य कुमार निषाद और रवि कुमार की जान ली
    • 19 जुलाई 2025 को रेलबाजार में डीसीपी पूर्वी कार्यालय के पास तेज रफ्तार कार सवार ने साइकिल सवार बुजुर्ग अनवार अहमद को टक्कर मारकर जान ली
    • 23 दिसंबर 2025 बैराज पर चेकिंग के दौरान तीन पुलिसकर्मियों को टक्कर मारकर भागे कार सवार