यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 17, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
'सपा वाले तुष्टीकरण के लिए किसी भी सीमा तक जा सकते हैं', हमीरपुर में बोले पीएम नरेंद्र मोदी
पीएम मोदी ने कहा सपा वाले तुष्टीकरण के लिए किसी भी सीमा तक जा सकते हैं। कल्याण सिंह का निधन ...और पढ़ें

एएनआई, हमीरपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमीरपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। पीएम ने कहा, ''सपा, कांग्रेस आपका वोट तो ले लेते हैं, लेकिन ये लोग सरकार में आते हैं तो सौगात उनको बांटते हैं जो उनके लिए 'वोट जिहाद' करता है। इसलिए आज मैं आपको सपा और कांग्रेस से सावधान करने आया हूं।''
पीएम मोदी ने कहा, "सपा वाले तुष्टीकरण के लिए किसी भी सीमा तक जा सकते हैं। कल्याण सिंह देश के इतने महान नेता थे उन्होंने पिछड़ों का इतना सम्मान बढ़ाया, उनका निधन हुआ तो सपा के मुखिया उन्हें श्रद्धांजलि देने तक नहीं गए, कारण यही है कि कल्याण सिंह राम भक्त थे... लेकिन जब उत्तर प्रदेश में एक माफिया की मौत होती है तो ये लोग उसके कब्र पर फातिहा पढ़ने चले जाते हैं।"
'वोट जिहाद करने वाले वोटबैंक को दे देंगे आपकी संपत्ति में एक हिस्सा'
पीएम ने कहा, इस बार तो सपा-कांग्रेस ने चुनाव से पहले ही इरादे साफ कर दिए हैं। कांग्रेस कह रही है कि वो सबकी संपत्ति की जांच कराएगी। फिर वो आपकी संपत्ति में से एक हिस्सा, उनके लिए वोट जिहाद करने वाले वोटबैंक को दे देंगे। बाबा साहेब अंबेडकर ने धर्म के आधार पर आरक्षण का घोर विरोध किया था और संविधान सभा ने भी तय किया था कि हमारे देश में कभी भी धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं होगा। लेकिन, जहां कांग्रेस सरकार है, वहां ये लोग दलितों और पिछड़ों का आरक्षण कम करके मुसलमानों को दे रहे हैं।