राठ विधायक मनीषा अनुरागी ने युवाओं को दिलाया खेल मैदान, अब मौदहा बांध से किसानों की प्यास बुझाने की तैयारी
राठ विधायक मनीषा अनुरागी ने अपने चार वर्ष के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत किया, जिसमें खेल मैदान और बालिका इंटर कॉलेज जैसे कार्य शामिल हैं। उन्ह ...और पढ़ें

HighLights
राठ में खेल मैदान, सरीला में बालिका इंटर कॉलेज का निर्माण।
मौदहा बांध परियोजना, मेडिकल कॉलेज की स्थापना की मांग।
शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और परिवहन सुधार पर जोर दिया।
जागरण संवाददाता, हमीरपुर। भाजपा प्रदेश सरकार के चार वर्ष के कार्यकाल में राठ विधानसभा सीट से भाजपा विधायक की ओर से सदन में कार्रवाई के दौरान कई प्रमुख मुद्दों पर ध्यान आकर्षित कराया गया। इसमें कुछ में तो उन्हें सफलता मिली और कुछ अभी भी इंतजार में हैं। जिले की दो विधानसभा सीटों पर दोनों में भाजपा के विधायक काबिज हैं।
राठ विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगातार दो बार विधायक रहीं मनीषा अनुरागी ने सदन में कई समस्याओं को रखा। जिसमें उन्हें कुछ में सफलता मिली और अभी कुछ मांगें पूरी होने की संभावनाएं नजर आ रही हैं। उन्होंने कहा कि इन मांगों के पूरा होने से किसानों, विद्यार्थियों, मरीजों और आम यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा तथा क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
राठ विधानसभा में एक नगर पालिका व दो नगर पंचायत समेत करीब 150 से अधिक ग्राम पंचायतें शामिल हैं। राठ विधानसभा से लगातार दो बार भाजपा की मनीषा अनुरागी विधायक बनी। विधायक मनीषा अनुरागी ने बताया कि उनकी पहली और सबसे महत्वपूर्ण मांग मौदहा बांध परियोजना को शुरू कराने की है। इस परियोजना के शुरू होने से क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिलेगा और राठ सहित आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय से बनी पेयजल समस्या का भी समाधान होगा।
राठ में राजकीय महाविद्यालय की स्थापना आवश्यकता
उन्होंने दूसरी प्रमुख मांग के रूप में राठ में राजकीय महाविद्यालय की स्थापना की आवश्यकता बताई। उनका कहना है कि महाविद्यालय बनने से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा और उन्हें स्थानीय स्तर पर बेहतर शिक्षा का अवसर मिलेगा। विधायक ने तीसरी मांग सरीला कस्बे में राजकीय इंटर कालेज की स्थापना की रखी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में वहां की छात्राओं को दूर-दराज के विद्यालयों में पढ़ने के लिए जाना पड़ता है, जिससे उन्हें कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
खबरें और भी
इंटर कालेज बनने से छात्राओं को बड़ी राहत मिलेगी। स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए उन्होंने राठ क्षेत्र में मेडिकल कालेज की स्थापना की मांग की। उन्होंने कहा कि वर्तमान में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से गंभीर मरीजों को उरई और झांसी मेडिकल कालेज रेफर किया जाता है, जो काफी दूर होने के कारण समय पर उपचार मिलने में परेशानी होती है। मेडिकल कालेज बनने से क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी। विधायक मनीषा अनुरागी ने पांचवीं मांग के रूप में राठ में आधुनिक रोडवेज बस स्टैंड के निर्माण पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि राठ बड़ी आबादी वाला क्षेत्र है, लेकिन यहां यात्रियों के लिए व्यवस्थित बस अड्डे का अभाव है। नया बस स्टैंड बनने से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और परिवहन व्यवस्था भी सुदृढ़ होगी। विधायक ने कहा कि इन पांचों मांगों के पूरा होने से राठ विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, पेयजल और परिवहन व्यवस्था में व्यापक सुधार होगा तथा क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी।
वहीं, विधायक के द्वारा राठ कस्बे में राजकीय मिनी स्टेडियम का निर्माण कराया गया है। सरीला में राजकीय बालिका इंटर कालेज की स्थापना कराई है। धसान नहर प्रणाली के पुनर्निर्माण और सीमांकन की परियोजनाएं मंजूर करवाई हैं, जिससे क्षेत्र में किसानों को पर्याप्त पानी की उपलब्धता सुनिश्चित हो रही है।
विधानसभा राठ के मतदाताओं पर एक नजर
- कुल मतदाता - 383850
- पुरुष - 212181
- महिला - 171664
कस्बे में रेलवे लाइन बहुत ही आवश्यक है। रेलवे लाइन निकलने से व्यापार करने में सुविधा होगी। वह हर माह स्लीपर बस से दिल्ली फोटो स्टूडियो का सामान लेने जाते हैं। जिससे किराया अधिक लगता है। रेलवे लाइन से समय के साथ रुपये की भी बचत होगी। - अजय राजपूत, निवासी राठ।
राठ को जिला घोषित भी होना चाहिए। हमीरपुर मुख्यालय की दूरी 80 किमी है। मुख्यालय जाने में डेढ़ से दो घंटा लगता है। जिससे पूरे दिन का समय बर्बाद होता है। अगर कार्य नहीं हुआ तो दूसरे दिन भी जाना होता है। जिससे राठ को जिला घोषित होना चाहिए। - जीतेंद्र कुमार, निवासी चरखारी रोड राठ।
कस्बा राठ का विकास कार्य रुका हुआ है। अगर राठ में रेलवे और जिला बन जाएं तो रुका हुआ विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ेगा। राठ में मेडिकल कालेज की भी जरूरत है। यहां का मरीज उरई, झांसी, कानपुर रेफर किए जाते हैं। दूरी अधिक होने पर मरीजों को समय से उपचार नहीं मिलता है। जिससे वह जिंदगी से हार जाते हैं। - कमलेश कुमार, निवासी औड़ेरा रोड राठ।
राठ कस्बे में विकास कार्य न होने से व्यापार नहीं हो पा रहा है। कस्बे में चौड़ीकरण कार्य भी जरूरी है। कस्बे में आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। चौड़ीकरण व चौराहों का निर्माण होने से जाम से निजात मिल सकती है।- नरेंद्र, निवासी परछा।
राठ कस्बे में राजकीय मिनी स्टेडियम का निर्माण कराया गया है। सरीला में राजकीय बालिका इंटर कालेज की स्थापना कराई है। धसान नहर प्रणाली के पुनर्निर्माण और सीमांकन की परियोजनाएं मंजूर करवाई हैं, जिससे क्षेत्र में किसानों को पर्याप्त पानी की उपलब्धता सुनिश्चित हो रही है। कस्बे के अंदर सड़क, मरही माता मंदिर का सुंदरीकरण का काम किया गया है, कई सड़कें, पुल, पुलिया और निर्माण का काम किया गया है, कई प्रस्तावित हैं। कई गांवों में मोक्षधाम व टीनशैड का निर्माण कार्य कराया है। - मनीषा अनुरागी, राठ विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक।
भाजपा विधायक ने अपनी विधानसभा क्षेत्र में कोई भी विकास कार्य नहीं कराएं है। जिससे बेरोजगारों को रोजगार मिल सके। प्रदेश में सरकार के नौ वर्ष हो चुके हैं। लेकिन सरकार के जो वादे थे वह हवा हवाई साबित हुए। शिक्षा और स्वास्थ्य के लिए भी कोई योजना लागू नहीं कराई गई है। केवल झूठे वादे होते रहे हैं। - राजपूत चंद्रवती वर्मा, राठ विधानसभा प्रत्याशी, सपा।