Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    हमीरपुर में मातम में बदली शादी की खुशियां; 5 दिन बाद उठनी थी बेटी की डोली, एक्सपायरी कोल्ड्रिंग पीने के बाद मौत, उठी अर्थी

    Updated: Sun, 03 May 2026 06:01 PM (IST)

    हमीरपुर में शादी से पांच दिन पहले एक युवती की एक्सपायरी कोल्डड्रिंक पीने से मौत हो गई। इस घटना से घर में मातम पसर गया और शादी की खुशियां गम में बदल गई ...और पढ़ें

    खुशबू की फाइल फोटो। स्वजन

    खुशबू की फाइल फोटो। स्वजन

    जागरण संवाददाता, हमीरपुर। जिस घर में बेटी को डोली में विदा करने की तैयारियां चल रहीं थीं, उसी घर में शादी से पांच दिन पहले डोली में बैठने वाली दुल्हन की अर्थी उठ गई। एक्सपायरी कोल्डड्रिंक पीने से युवती की हालत बिगड़ गई। जिसे स्वजन लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। जहां पर इलाज दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना से पूरे घर में मातम पसर गया और स्वजन बेहाल हो गए हैं। पुलिस ने युवती के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव स्वजन को सौंप दिया।

    फतेहपुर जनपद के चांदपुर थाना क्षेत्र के धाना गांव निवासी शैलेंद्र ने बताया कि उसकी 19 वर्षीय खुशबू पुत्री हरिश्चंद्र निषाद की आगामी 8 मई को शादी थी। जिसकी बरात थाना चांदपुर के तारनडेरा गांव से आनी थी। घर में शादी की तैयारियां चल रहीं थीं और कुछ नाते रिश्तेदार भी घर में आ चुके थे।

    शनिवार की दोपहर उसकी बहन खुशबू ने मां गुलाबरानी से कोल्डड्रिंक मंगाई और उसे पीने के बाद बहन की हालत बिगड़ना शुरू हो गई। हालत ज्यादा बिगड़ती देख स्वजन उसे तत्काल अमौली गांव स्थित स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल हमीरपुर के लिए रेफर कर दिया।

    शनिवार की देररात करीब पौने 12 बजे स्वजन बहन को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां पर उसे भर्ती कर उपचार किया गया। रविवार की दोपहर करीब साढ़े 12 बजे इलाज दौरान बहन की मौत हो गई। मृतका के भाई शैलेंद्र का आरोप है कि दुकानदार ने एक्सपायरी डेट की कोल्डड्रिंक दे दी थी। जिसके पीने से उसकी बहन की मौत हो गई।

    खबरें और भी

    इस घटना से परिवार के सभी सदस्य सदमे में हैं और रो-रोकर बेहाल हैं। कोतवाल डीके मिश्रा ने बताया कि युवती का पोस्टमार्टम कराकर शव स्वजन को सुपुर्द कर दिया गया है। वहीं पोस्टमार्टम में मौत का कारण स्पष्ट न होने पर युवती का बिसरा सुरक्षित करके जांच के लिए भेजा गया है।