हमीरपुर में बरातियों ने की महिलाओं से अभद्रता, विरोध करने पर दूल्हे ने ससुर को जड़ा थप्पड़; दुल्हन ने लौटा दी बरात
हमीरपुर में बरातियों द्वारा महिलाओं से अभद्रता और दूल्हे द्वारा ससुर को पीटने के बाद दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया। इस घटना के बाद बरात बिना दुल्हन ...और पढ़ें
-1778856642100_m.webp)
बरात लौटने के बाद सूना पड़ा मंडप व उदास बैठे स्वजन। सौ. स्वजन
HighLights
लहकौर खिलाने के दौरान नाचने पर हुआ विवाद, महिलाओं को जबरन खींचा
जयमाल के बाद नहीं हुईं आगे की रस्में, बिन दुल्हन के बैरंग लौटी बरात
संवाद सहयोगी, सुमेरपुर(हमीरपुर)। जनवासे में दूल्हे को लहकौर खिलाने गई वधू पक्ष की महिलाओं के साथ बरातियों ने नाचने को लेकर अभद्रता शुरू कर दी। जिस पर दुल्हन का पिता मौके पर पहुंच गया और उसने बरातियों को फटकार लगा दी। जिससे नाराज दूल्हे ने अपने ससुर को पीट दिया। यह सूचना दुल्हन को मिली तो नाराज होकर उसने फेरे लेने से इंकार करके बरात वापस लौटा दी। जिसके बाद दूल्हा बिना दुल्हन बरात लेकर अपने गांव वापस लौट गया।
क्षेत्र के विदोखर पुरई निवासी गंगाराम अनुरागी की पुत्री संजना अनुरागी की शादी महोबा जनपद के खन्ना थानाक्षेत्र के ग्योड़ी निवासी भालूनाना अनुरागी के पुत्र गनेशा के साथ होनी थी। बीती गुरुवार की रात बरात विदोखर पुरई पहुंची। जहां स्वागत सत्कार के बाद हंसी खुशी के साथ द्वारचार के उपरांत चढ़ावे की रस्म पूरी की गई। चढ़ावे व जयमाल के बाद भांवरों की रस्म होनी थी।
इसके पूर्व बुंदेलखंड में जनवासे पर जाकर वधू पक्ष की महिलाएं दूल्हे को लहकौर खिलाकर (मुंह मीठा कराना) भांवरों के लिए आमंत्रित करती हैं। जिसके चलते शुक्रवार की सुबह पांच बजे वधू पक्ष की तमाम महिलाएं जनवासे में दूल्हे को लहकौर खिलाने की परंपरा का निर्वहन करने पहुंची थीं। इसी दौरान कुछ महिलाएं बैंड बाजे में जनवासे पर नाचने लगीं।
महिलाओं का हाथ पकड़ जबरन नचाने लगे बराती
महिलाओं को नाचता देखकर कुछ बराती भी नाचने लगे। जिस पर महिलाएं एक तरफ हो गईं। यह बात बरातियों को नागवार लगी और वह महिलाओं का हाथ पकड़ कर जबरिया नाचने के लिए मजबूर करने लगे। जिससे स्थिति असहज हो गई। जिस पर दुल्हन के मामा हरदेव निवासी किसवाही तथा पिता गंगाराम ने बरातियों का विरोध जताया। इससे बराती भड़क उठे और मारपीट पर आमादा हो गए और वहां हलचल मच गई।
खबरें और भी
पिता के साथ अभद्रता से आहत हुई बेटी
इसी बीच तैश में आकर दूल्हे गनेशा ने दुल्हन के पिता को पीट दिया। यह बात जब दुल्हन संजना को पता चली तो उसने पिता के साथ हुई अभद्रता से आहत होकर फेरे लेने से साफ इंकार कर दिया। बाद में दोनों पक्षों के मध्य सुलह समझौते का भी प्रयास हुआ। पुलिस भी मौके पर पहुंची। लेकिन बात नहीं बन सकी और दूल्हे को बिना दुल्हन के बरात वापस ले जाने को मजबूर होना पड़ा। यह घटना गांव सहित आसपास चर्चा का विषय बनी हुई है।
चौकी इंचार्ज मनीष पटेल ने बताया कि सूचना पर वह पहुंचे थे। लेकिन दोनों पक्ष सुलह समझौते की बात करके वापस कर दिया था। इसी प्रकार विदोखर मेंदनी में भी शादी के दौरान म्यूजिक सिस्टम बजाने को लेकर बरातियों ने विवाद शुरु कर दिया। बाद में दोनों पक्षों को समझाकर शांत करा दिया गया और आगे की रस्में शुरू हुईं।