Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    सील पैक पानी की बोतल में कहां से आया तेजाब? हापुड़ में युवती की तबीयत बिगड़ने पर सुनार समेत दो पर FIR

    Updated: Tue, 14 Jul 2026 12:30 PM (GMT+05:30)

    हापुड़ के अर्जुन नगर में पानी की बोतल में कथित एसिड मिलने के मामले में पुलिस ने सुनार समेत दो लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। ...और पढ़ें

    सांकेतिक तस्वीर, एआई जनरेटेड।

    सांकेतिक तस्वीर, एआई जनरेटेड।

    HighLights

    1. हापुड़ में पानी की बोतल में मिला कथित तेजाब।

    2. युवती की तबीयत बिगड़ने पर सुनार समेत दो पर FIR।

    3. पुलिस और प्रशासन कर रहे मामले की गहन जांच।

    जागरण संवाददाता, हापुड़। सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला अर्जुन नगर में पानी की बोतल में कथित रूप से एसिड मिलने के मामले में पुलिस ने सुनार समेत दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    पीड़िता की मां की तहरीर पर दर्ज एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि पानी समझकर बोतल से घूंट पीते ही 22 वर्षीय युवती की तबीयत बिगड़ गई और उसे गंभीर हालत में पहले शहर के एक निजी अस्पताल तथा बाद में मेरठ के अस्पताल रेफर करना पड़ा। फिलहाल उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।

    पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, अर्जुन नगर निवासी महिला अपनी 22 वर्षीय पुत्री के साथ 10 जुलाई की शाम करीब 6:20 बजे मोहल्ले में स्थित अनुज वर्मा की सर्राफा दुकान पर गई थीं।

    खरीदारी के दौरान युवती ने प्यास लगने पर पानी मांगा। आरोप है कि अनुज वर्मा ने पड़ोस की दुकान से पानी मंगवाने के लिए दुकानदार के पुत्र को भेजा। कुछ देर बाद वह एक सीलबंद ठंडी पानी की बोतल लेकर आया।

    एक घूंट लेते ही गले और मुंह में शुरू हुई तेज जलन

    एफआईआर के अनुसार, युवती ने जैसे ही बोतल से पानी का एक घूंट पिया, उसके गले और मुंह में तेज जलन शुरू हो गई और उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। वह दुकान से बाहर निकलकर उल्टियां करने लगी।

    परिजन उसे तत्काल शहर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेरठ रेफर कर दिया।

    घटना के बाद पीड़िता की मां ने सदर कोतवाली में तहरीर देकर सुनार अनुज वर्मा और पड़ोसी दुकानदार के पुत्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है।

    जिलाधिकारी के निर्देश पर जांच तेज

    उधर, प्रशासन ने भी मामले को गंभीरता से लिया है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन और पुलिस अलग-अलग स्तर पर जांच कर रहे हैं। जिलाधिकारी के निर्देश पर जांच की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि बोतल में कथित रूप से संक्षारक पदार्थ कैसे पहुंचा और घटना किन परिस्थितियों में हुई।

    खबरें और भी

    सदर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने बताया कि पीड़िता की मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।

    बोतल सहित अन्य साक्ष्यों की फोरेंसिक एवं तकनीकी जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

    यह भी पढ़ें- हापुड़ तेजाब कांड: पानी की बोतल में कैसे पहुंचा एसिड? चार अफसरों की टीम करेगी जांच