Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    हापुड़ में भाजपा नेता के जीजा से मौसेरे भाई ने मांगी 5 करोड़ की रंगदारी, दोस्त संग गिरफ्तार

    Updated: Mon, 06 Apr 2026 10:40 PM (GMT+05:30)

    हापुड़ में भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष दीपक भाटी के जीजा, दूध कारोबारी पिंटू गुर्जर से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप में उनके मौसेरे भाई अभ ...और पढ़ें

    पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप में युवक दोस्त संग गिरफ्तार।

    पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप में युवक दोस्त संग गिरफ्तार।

    HighLights

    1. भाजपा नेता के जीजा से मौसेरे भाई ने मांगी रंगदारी।

    2. 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने वाले दो आरोपी गिरफ्तार।

    3. अमीर बनने की चाहत में रची थी साजिश, कश्मीर से कॉल।

    केशव त्यागी, हापुड़। भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष दीपक भाटी के जीजा व प्रमुख दूध कारोबारी थाना गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के पिंटू गुर्जर से पांच करोड़ रुपये की रंगदारी उनके मौसेरे भाई ने ही मांगी थी। इस मामले में पुलिस और एसओजी की टीम ने दोनों आरोपितों को दबोच लिया है।

    गिरफ्तार आरोपित मेरठ जिले के थाना खरखौदा क्षेत्र के गांव धीरखेड़ा का तुषार त्यागी और अभिषेक गुर्जर हैं। दिलचस्प बात यह है अभिषेक गुर्जर कोई ओर नहीं, बल्कि दीपक भाटी का सगा मौसेरा भाई हैं। ऐसे में मामला बेहद पेचीदा हो गया है।

    बता दें कि पिंटू गुर्जर जिले के बड़े दूध कारोबारी हैं। करीब एक माह पहले एक अज्ञात नंबर से उनके पास काल आई थी। कॉल पर आरोपितों ने उनसे पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी। रुपये न देने पर मौत के घाट उतारने की धमकी दी थी। घटना के बाद पीड़ित दूध कारोबारी ने मामले की शिकायत एडीजी भानु भास्कर और डीआइजी कलानिधि नैथानी से की थी।

    थाने में अज्ञात आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई

    उच्चाधिकारियों के निर्देश पर करीब 15 दिन पहले संबंधित थाने में अज्ञात आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। वहीं, फजीहत से बचने को अधिकारियों ने मामले को दबाए रखा और इसे सार्वजनिक नहीं किया। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सर्विलांस की मदद से जांच शुरू की।

    खबरें और भी

    जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले, जिसके आधार पर सोमवार देर शाम थाना गढ़मुक्तेश्वर पुलिस व एसओजी की टीम ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में सामने आया कि अभिषेक गुर्जर ने अमीर बनने की चाह में अपने दोस्त तुषार त्यागी के साथ मिलकर रंगदारी मांगने की साजिश रची थी। जिसके बाद दोनों करीब एक माह पहले कार से घूमने कश्मीर गए थे।

    इसी दौरान आरोपितों ने पहचान छिपाने के लिए कीपैड वाला मोबाइल फोन व सिम खरीदा। जिससे कॉल कर दूध कारोबारी से रंगदारी मांगी गई थी। एसपी कुवंर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि दोनों आरोपितों को दबोच लिया गया है। फिलहाल उनसे पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के बाद ही जानकारी साझा की जाएगी।

    पिंटू गुर्जर के घर आता-जाता था आरोपित

    दूध कारोबारी अभिषेक गुर्जर के रिश्ते में जीजा लगते हैं। वह उनके घर आता-जाता रहता था। कारोबारी के पास रुपये होने की उसे पूरी जानकारी थी। यहीं से उसके मन में लालच आ गया और उसने रंगदारी मांगने का प्लान बनाया।

    तुषार त्यागी से उसकी गहरी दोस्ती थी। उसने तुषार को भी अपने प्लान में शामिल कर लिया। दोनों की पारिवारिक पृष्ठभूमि काफी अच्छी है। दोनों प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते हैं। मगर, अमीर बनने की चाह में दोनों ने अपराध का रास्ता चुना और अब पुलिस के हत्थे चढ़ गए।

    यह भी पढ़ें- बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को भारी नुकसान, गेहूं की 30% फसल गिर गई; चिंता में किसान