वर्चस्व की जंग: हापुड़ में रूट विवाद में भिड़ा दो बसों का स्टाफ, ड्राइवर-कंडक्टर में फायरिंग-मारपीट
हापुड़ में हाइवे-09 पर दो निजी बसों के स्टाफ के बीच रूट को लेकर वर्चस्व की लड़ाई हिंसक हो गई। मारपीट, फायरिंग और लूटपाट की घटना से यात्रियों में दहशत ...और पढ़ें

हापुड़ में रूट विवाद को लेकर दो निजी बसों के स्टाफ में खूनी संघर्ष, फायरिंग और मारपीट
HighLights
हापुड़ में निजी बसों के रूट को लेकर हिंसक झड़प।
दो बसों के स्टाफ में मारपीट, फायरिंग और लूटपाट हुई।
पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर जांच शुरू की।
जागरण संवाददाता, हापुड़। हाइवे-09 पर निजी बसों के रूट को लेकर चल रही वर्चस्व की लड़ाई सोमवार रात हिंसक हो गई। दिल्ली से आ रही दो निजी बसों के चालक, परिचालक और उनके समर्थक पहले पिलखुवा क्षेत्र के निजामपुर के पास भिड़ गए।
आरोप है कि इस दौरान बसों को रोककर मारपीट की गई, जिससे यात्रियों में भगदड़ मच गई। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को अलग कराया, लेकिन विवाद यहीं नहीं थमा। कुछ देर बाद देहात थानाक्षेत्र में दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए और दोबारा मारपीट हो गई।
मारपीट करने से यात्री हुए भयभीत
मेरठ के थाना किठौर क्षेत्र के गांव राधना के रहने वाले जैद पुत्र लईक ने हापुड़ देहात थाने में शिकायत दी है। जैद, साहिल बस सर्विस की बस संख्या UP-15 HT-8854 में परिचालक है। उसके अनुसार हापुड़ बाईपास पर बुलंदशहर रोड के पास पीछे से आई एक स्कार्पियो सवार लोगों ने बस रुकवाने के लिए फायरिंग की।
रूट को लेकर लंबे समय से चल रहा है टकराव
आरोप है कि ब्लू स्काई बस संख्या BR-28 P-3666 ने उनकी बस के आगे वाहन लगाकर रास्ता रोक दिया, जबकि स्कार्पियो संख्या UK-17 Y-4555 भी पास में आकर रुक गई। जैद का आरोप है कि स्कार्पियो से उतरे आरिफ, शाहरुख, ताहिर और अनवार तमंचा, सरिया और लोहे की राड लेकर बस में चढ़ गए। उन्होंने धमकी दी कि इस रूट पर केवल जाहिद स्याना वालों की बस चलेगी।
खबरें और भी
विरोध करने पर उसके ऊपर तमंचे से फायर किया गया, जिसमें वह बाल-बाल बच गया। इसके बाद उसके और साथी वजाहत के साथ सरिया-राड से मारपीट की गई तथा यात्रियों के किराये के करीब 5800 रुपये, आधार कार्ड और पैन कार्ड से भरा पर्स लूट लिया गया। घटना से बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।
उधर, देहात थाना पुलिस के अनुसार रूट और सवारी बैठाने को लेकर दोनों बसों के चालक-परिचालकों के बीच विवाद हुआ था। दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी गई है। पुलिस ने चालक, परिचालकों और झगड़े में शामिल अन्य लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। यात्रियों को दूसरे वाहनों से उनके गंतव्य के लिए रवाना कराया गया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी राहुल यादव ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं हापुड़ देहात पुलिस बस परिचालक की फायरिंग और लूट की शिकायत की भी अलग से जांच कर रही है।