धनतेरस पर चमका हापुड़ का बाजार, ऑटोमोबाइल से सर्राफा तक बंपर मांग; नोट करें खरीदारी से यम दीपदान की सही विधि
धनतेरस पर्व पर हापुड़ में करोड़ों के कारोबार की उम्मीद है, जिसमें बर्तन, सोना-चांदी, वाहन और इलेक्ट्रॉनिक्स की जमकर खरीदारी होगी।

धनतेरस पर करोड़ों के कारोबार की उम्मीद।
जागरण संवाददाता, हापुड़। पांच दिवसीय दीपोत्सव का शुभारंभ धनतेरस पर्व शुक्रवार (आज) से शुरू हो रहा है। इस पर्व पर मान्यता है कि बर्तन खरीदने से घरों में सुख-समृद्धि का वास रहता है। बर्तन कारोबारी धनतेरस पर करोड़ों का कारोबार होने की उम्मीद जता रहे हैं।
इसके अलावा, सोना चांदी के आभूषणों की खरीदारी पर लोगों का ज्यादा जोर रहने की उम्मीद है। सोना चांदी की खरीदारी को लोग रुपया निवेश की नजर से भी देख रहे हैं। सर्राफा बाजार गुलजार हो गया है बस अब ग्राहकों का इंतजार है। आटोमोबाइल सेक्टर में भी काफी बिक्री हो रही है। वहीं, धनतेरस के दिन कई लोग अपने प्लाट-फ्लैट की भी रजिस्ट्री कराएंगे।
सर्राफा बाजार में ग्राहकों का स्वागत
धनतेरस का पर्व शुक्रवार (आज) को है। पर्व के नजदीक आते ही सर्राफा बाजार भी ग्राहकों के स्वागत के लिए तैयार है। तमाम तरह की आकर्षक सोने-चांदी की निर्मित वस्तुओं पर सर्राफा व्यापारी ग्राहकों को लुभाने का इंतजार कर रहे हैं।
शहर के प्रमुख सर्राफा कारोबारी सन्नी जैन ने बताया कि इस बार धनतेरस से पहले सोमवार को सोने का भाव 1,46, 500 रुपये प्रति दस ग्राम रहा। जबकि चांदी का भाव एक लाख 90 हजार रुपये प्रति किलोग्राम है।
ग्राहकों के आने की बाजार में पूरी तरह से तैयारी की जा चुकी है। इस बार बाजार में ग्राहकों की बंपर भीड़ आने का अनुमान है। पिछले दिनों यह कीमत बहुत ज्यादा थीं। ऐसे में धनतेरस की सभी तैयारी पूरी कर ली गई है। बाजारों में किसी भी ग्राहक को दिक्कत न इसका भी ध्यान रखा जाएगा।
बर्तन कारोबारियों को आस, करोड़ों का होगा व्यापार
धनतेरस पर शहर का बर्तन बाजार पूरी तरह से तैयार हो गया है। बाजार में विभिन्न वैरायटी के स्टील के बर्तन उपलब्ध हैं। बर्तनों के प्रमुख व्यापारी मनु अग्रवाल ने बताया कि धनतेरस पर बाजार में ग्राहकों की पसंद की हर वैरायटी उपलब्ध है। शुक्रवार को देर रात तक बाजार खुले रहेंगे और करोड़ों का कारोबार होने की उम्मीद है।
इलेक्ट्रोनिक सामान की भी निकली मांग
धनतेरस पर खरीदारी की परंपरा का निर्वाह करने के साथ ही लोग इस मौके पर अपनी जरूरत के इलेक्ट्रोनिक आइटम की भी जमकर खरीदारी कर रहे हैं। बृहस्पतिवार को भी इलेक्ट्रोनिक सामान के शोरूम पर काफी भीड़ नजर आई। शुक्रवार को इस भीड़ में बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। एलईडी टीवी और डबल डोर फ्रिज की ज्यादा मांग निकल रही है।
ऑटोमोबाइल सेक्टर में भी छाई रौनक
दो पहिया वाहनों की जमकर बिक्री हो रही है। धनतेरस पर ग्राहकों को लुभाने के लिए विभिन्न स्कीम भी व्यापारियों ने लांच की हुई है। दो पहिया वाहनों के शोरुम संचालक आशीष त्यागी ने बताया कि पिछले वर्ष के मुकाबले इस वर्ष आटोमोबाइल सेक्टर में 15 से 20 प्रतिशत तक की वृद्धि हुई है। लोग वाहन नकद खरीदने के बजाय फाइनेंस कराने पर ज्यादा जोर दे रहे हैं। स्कूटी और स्पोर्ट्स बाइक की डिमांड सबसे ज्यादा है। कंपनियों के साथ ही शोरूम संचालकों ने भी विशेष उपहार देने का निर्णय लिया है। इस बार ई-वाहनाें की मांग ज्यादा है।
-----
पूजन की विधि-
- गणेश यंत्र, श्रीयंत्र, कुबेर यंत्र की पूजा की जाए।
- सर्वप्रथम पंचामृत से इन यंत्रों को स्नान कराएं, फिर गंगाजल से स्नान कराकर पीले रेशमी वस्त्र पर स्थापित करें।
- चंदन, चावल, गुलाब या कमल के पुष्पों के द्वारा पूजन करें।
- गाय के घी के द्वारा दीपक, दीपदान करें।
- मिष्ठान, फल, पान, आदि का भोग अर्पण करें।
- पूजन के पश्चात यम के चौदह नामों के द्वारा यम का चहुमुंखा तेल का दीपक का पूजन कर अपने जीवन में आने वाले आकस्मिक दुर्घटना आदि की निवृत्ति, दीर्घ आयु के लिए गृह दर पर रखें।
धनतेरस का पौराणिक, धार्मिक महत्व
आचार्य लवकुश शास्त्री बताते हैं कि आदिकाल में समुद्र मंथन के समय उसमें से 14 रत्नों का प्राकट्य हुआ था। जिसमें धनतेरस के दिन आयुर्वेद के प्रवर्तक धनवन्तरी जी प्रकट हुए थे, इसलिए इस दिन धनवंतरी जयंती भी मनाई जाती है।
धनतेरस पर खुला रहेगा रजिस्ट्री विभाग
धनतेरस पर प्रोपर्टी और बैनामा कराने की शुभ परंपरा को देखते हुए रजिस्ट्री विभाग के अधिकारियों ने कार्यालय खोलने का निर्णय लिया है। एआइजी सुनीता वाजपेई ने बताया कि शुक्रवार को कार्यालय खुला रहेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।