दिल्ली-NCR वालों के लिए प्रॉपर्टी खरीदने का मौका, हापुड़ में लॉन्च हो रही नई आवासीय योजना; पढ़ें पूरी डिटेल
Haripur Residential plot Scheme : हापुड़-पिलखुवा विकास प्राधिकरण की हरिपुर आवासीय योजना अगले दो माह में शुरू होने को तैयार है। योजना का विस्तार 55 व 7 ...और पढ़ें

हरिपुर आवासीय योजना दो माह में धरातल पर उतरेगी। (सांकेतिक तस्वीर)
HighLights
हरिपुर आवासीय योजना दो माह में होगी लॉन्च।
पहले चरण में 31 एकड़ भूमि पर प्राधिकरण का कब्जा।
मुख्यमंत्री से शिलान्यास के लिए समय मांगा गया।
जागरण संवाददाता, हापुड़। Haripur Housing Scheme: हापुड़-पिलखुवा विकास प्राधिकरण (एचपीडीए) की बहुप्रतीक्षित हरिपुर आवासीय योजना अगले दो माह में धरातल पर उतारने की तैयारी है। योजना के पहले चरण के लिए प्रस्तावित 32 एकड़ भूमि में से 31 एकड़ पर प्राधिकरण कब्जा ले चुका है, जबकि शेष एक एकड़ भूमि का अधिग्रहण अंतिम चरण में है। शासन को भेजी गई छह माह की कार्ययोजना में इस परियोजना को प्राथमिकता के साथ शामिल किया गया है।
दूसरे व तीसरे चरण में 55 और 77 एकड़ तक विस्तार की तैयारी
एचपीडीए अधिकारियों के अनुसार पहले चरण की औपचारिकताएं पूरी होते ही विकास कार्य शुरू कर दिए जाएंगे। इसके साथ ही योजना के विस्तार की भी तैयारी चल रही है। दूसरे चरण में इसे 55 एकड़ और तीसरे चरण में 77 एकड़ तक विकसित करने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है, जिससे भविष्य में अधिक संख्या में आवासीय भूखंड और अन्य सुविधाएं विकसित की जा सकें।
शिलान्यास के लिए सीएम से मांगा समय
हापुड़-पिलखुवा विकास प्राधिकरण का लक्ष्य हरिपुर योजना को हापुड़ की प्रमुख आवासीय परियोजनाओं में शामिल करना है। इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री से योजना के शिलान्यास के लिए समय मांगा जा रहा है। यदि समय मिल जाता है तो प्रदेश स्तर पर इस परियोजना का शुभारंभ किया जाएगा।
अधिकारियों का कहना है कि शासन से आवश्यक स्वीकृतियां मिलने के बाद विकास कार्यों में तेजी लाई जाएगी। हरिपुर आवासीय योजना के शुरू होने से हापुड़ में सुनियोजित आवासीय विकास को नई गति मिलने के साथ लोगों को बेहतर आवासीय विकल्प उपलब्ध होने की उम्मीद है।
खबरें और भी
दिल्ली-एनसीआर के खरीदारों पर रहेगा फोकस
हरिपुर आवासीय योजना को एचपीडीए दिल्ली-एनसीआर के लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित कर रहा है। प्राधिकरण का मानना है कि बेहतर सड़क संपर्क, आधुनिक सुविधाएं और अपेक्षाकृत किफायती दरों पर भूखंड उपलब्ध होने से दिल्ली, गाजियाबाद, नोएडा और गुरुग्राम के खरीदारों का रुझान इस योजना की ओर बढ़ेगा।
इसी को देखते हुए योजना का चरणबद्ध विस्तार किया जा रहा है। पहले चरण में 32 एकड़ में विकास कार्य शुरू होगा, जबकि दूसरे चरण में इसे 55 एकड़ और तीसरे चरण में 77 एकड़ तक विस्तारित करने की तैयारी है। प्राधिकरण का उद्देश्य भविष्य की मांग को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त आवासीय और व्यावसायिक भूखंड उपलब्ध कराना है।
योजना को अंतिम रूप दिया जा रहा है। शासन को छह माह की कार्यसूची में भेजने के साथ ही मुख्यमंत्री से उदघाटन के लिए समय मांगा गया है7 हमारा प्रयास है कि शिलान्यास के बाद पहले निर्माण आरंभ करा दिया जाए, उसके बाद रेरा आदि की औपचारिकताओं पर कार्य किया जाएगा।
- अमित कादियान- सचिव, एचपीडीए