हापुड़ में बड़ा हादसा टला, बारिश में भरभराकर गिरी मकान की छत; परिवार के लोगों ने भागकर बचाई जान
हापुड़ के वैठ गांव में 36 घंटे की मूसलाधार बारिश के बीच एक कच्चे मकान की छत गिर गई। गनीमत रही कि परिवार के सभी सदस्य समय रहते बाहर निकल आए, जिससे कोई ...और पढ़ें
-1783656765116_m.webp)
मूसलाधार बारिश के बीच कच्चे मकान की छत भरभराकर गिरी। जागरण
HighLights
हापुड़ में 36 घंटे की मूसलाधार बारिश के बीच घटना।
वैठ गांव में कच्चे मकान की छत भरभराकर गिरी।
परिवार के सदस्य समय रहते बाहर निकले, टला बड़ा हादसा।
सतीश शर्मा, सिंभावली (हापुड़)। हापुड़ में पिछले 36 घंटे से हो रही मूसलाधार बारिश के बीच बृहस्पतिवार को वैठ गांव में एक कच्चे मकान की छत भरभराकर गिर गई। गनीमत रही कि परिवार के सभी सदस्य समय रहते घर से बाहर निकल आए, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
सूचना पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने परिवार के लोगों से बातचीत भी की।
सिंभावली क्षेत्र के वैठ गांव के छोटे खा ने बताया कि वह मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। पिछले कुछ दिनों से बीमारी के कारण काम पर नहीं जा पा रहे हैं, जिससे आर्थिक स्थिति भी कमजोर हो गई है।
बच गई परिवार के लोगों की जान
बताया कि लगातार हो रही वर्षा के दौरान उनकी पत्नी सुहालिन, बेटा शहजाद और बेटी निदा घर में मौजूद थे। तभी अचानक कच्ची छत भरभराकर गिर गई। छत गिरने से पहले सभी लोग बाहर निकल आए, जिससे किसी को चोट नहीं आई। हालांकि, मकान में रखा घरेलू सामान मलबे में दब गया, जिसे बाद में बाहर निकलवाया गया।
ग्रामीण फिरासत अली ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और आवासीय मदद उपलब्ध कराने की मांग की है।
यह भी पढ़ें- हापुड़ में भारी बारिश से मकान की छत गिरी, पिता की मौत और बेटा घायल
मकान की छत गिरने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है और मलबे में दबा सामान भी निकलवा दिया गया है। - सुरेश कुमार ,थाना प्रभारी निरीक्षक, सिंभावली
राजस्व टीम को मौके पर भेजकर नुकसान का आकलन कराया जाएगा। शासन की ओर से जो भी सहायता पात्र होगी, वह पीड़ित परिवार को उपलब्ध कराई जाएगी। - पवन यादव, तहसीलदार, गढ़मुक्तेश्वर